एसएसपी विजय अग्रवाल ने पाटन पुलिस अनुविभाग की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश — 60/90 दिनों में लंबित प्रकरणों का निराकरण अनिवार्य

एसएसपी विजय अग्रवाल ने पाटन पुलिस अनुविभाग की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश — 60/90 दिनों में लंबित प्रकरणों का निराकरण अनिवार्य

गुण्डा और निगरानी बदमाशों पर सतत मॉनिटरिंग के निर्देश सहित सड़क सुरक्षा हेतु हेलमेट और सीट बेल्ट उपयोग पर जोर

उतई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विजय अग्रवाल ने आज पाटन अनुविभाग के थाना प्रभारियों एवं विवेचकों की लंबित अपराध और चालान संबंधी समीक्षा बैठक ली। यह बैठक थाना उतई परिसर में आयोजित की गई। बैठक में एसएसपी ने थानावार प्रकरणों की केस डायरी का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को 60 और 90 दिवस की निर्धारित समयावधि में सभी मामलों का निराकरण करने के सख्त निर्देश दिए।

एसएसपी अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि यदि किसी प्रकरण में आरोपी की गिरफ्तारी हेतु अन्य राज्य में पुलिस टीम भेजने की आवश्यकता हो, तो नियमानुसार अनुमति लेकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बदमाशों, गुण्डा तत्वों और गैंग हिस्ट्रीशीटरों की सतत जांच और मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि थाना और बीट स्तर पर ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों, चाल-चलन और आय के स्रोतों पर विशेष निगरानी रखी जाए। यदि कोई बदमाश जेल में निरुद्ध है तो उसकी जेल में भी निगरानी की जाए।

बैठक के दौरान एसएसपी ने आम नागरिकों की शिकायतों पर तत्परता से सुनवाई करने और पीड़ित को उचित समाधान प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं से बचाव हेतु दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने की सलाह दी। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर एसडीओपी पाटन अनूप लकड़ा, थाना प्रभारी उतई महेश ध्रुव, अमलेश्वर थाना प्रभारी बसंत बघेल, पाटन थाना प्रभारी अनिल साहू, रानीतराई थाना प्रभारी पुरुषोत्तम कुर्रे, जामगांव थाना प्रभारी फागू राम लहरे सहित अन्य विवेचक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *