दुर्ग । विजयादशमी के अवसर पर दुर्ग पुलिस लाइन परिसर में हर वर्ष की तरह इस बार भी पारंपरिक शस्त्र पूजा का आयोजन पूरे विधि-विधान से किया गया। इस अवसर पर दुर्ग के एसएसपी विजय अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। पूजन के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने परंपरा के अनुसार हवाई फायरिंग भी की। यह परंपरा धार्मिक आस्था के साथ-साथ शस्त्रों की परीक्षण प्रक्रिया मानी जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, आश्विन माह की शुक्ल पक्ष दशमी तिथि पर शस्त्र पूजा करने से युद्ध में अजेयता का वरदान मिलता है। इसी परंपरा को निभाते हुए पुलिस बल ने विधिवत पूजा कर जिले की शांति, सुरक्षा और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर, अभिषेक झा, ऋचा मिश्रा, डीएसपी हेमप्रकाश नायक और चंद्र प्रकाश तिवारी, रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा सहित विभिन्न थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जिलेवासियों को दशहरा की शुभकामनाएं दीं और भाईचारे व सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।
एसएसपी विजय अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा, “विजयादशमी असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। पुलिस विभाग परंपरा के अनुसार हर वर्ष शस्त्र पूजा करता है, जो हमारे लिए गर्व की बात है। दुर्ग पुलिस हमेशा नागरिकों की सुरक्षा और सहयोग के लिए तत्पर रहेगी।।कार्यक्रम में शामिल सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों ने एक स्वर में जिले की सुख-शांति, सुरक्षा और सौहार्द की कामना की।