दुर्ग। जिला पंचायत संसाधन केंद्र अंजोरा (ख), दुर्ग में गत दिनों पाटन ब्लॉक के जनपद सदस्यों के लिए तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य नवनिर्वाचित जनपद सदस्यों को पंचायती राज व्यवस्था, योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की गहन जानकारी प्रदान करना रहा। केंद्र के संकाय सदस्य हरिओम परमार ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत की और इस कार्यक्रम को जनपद सदस्यों के लिए उपयोगी बताते हुए उनकी सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर महेंद्र कुमार सिन्हा ने पंचायतों में नेतृत्व, सुशासन, स्थायी समितियों की भूमिका, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनपद पंचायत विकास योजना, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण में विभिन्न विशेषज्ञों ने 73वें संविधान संशोधन, ग्राम पंचायतों में राजस्व वृद्धि के स्रोत, आत्मनिर्भर भारत अभियान, जीएसटी रिफॉर्म, मनरेगा तथा अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं पर भी व्याख्यान और समूह कार्य के माध्यम से समझ बढ़ाई।