रायपुर में राज्य स्तरीय पैरा एथलीट प्रतियोगिता का समापन: 3 दिन में 350 दिव्यांग खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

रायपुर। रायपुर में आयोजित 16वीं छत्तीसगढ़ राज्य पैरा एथलीट संगठन प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदेश भर से आए करीब 350 दिव्यांग खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और जज्बे का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों, उनके परिजनों, कोच और ऑफिशियल्स में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में 100, 200 और 400 मीटर दौड़, गोला फेंक, तवा फेंक, लंबी कूद और बैडमिंटन सहित कई खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गिरीश चंदेल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में रायपुर नगर निगम के सभापति सूर्यकांत राठौर उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने की। अतिथियों का स्वागत छत्तीसगढ़ पैरा एथलीट संगठन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा एवं संगठन के पदाधिकारियों ने किया। समापन अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने भी अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। गिरीश चंदेल ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन हर साल होने चाहिए, ताकि पैरा एथलीट्स को निरंतर आगे बढ़ने का अवसर मिले। सभापति सूर्यकांत राठौर ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के नेतृत्व में हुआ यह आयोजन खेलों के प्रति उनकी सकारात्मक और संवेदनशील सोच को दर्शाता है। वहीं आकाश तिवारी ने कहा कि यह आयोजन हाल ही में प्रस्तावित किया गया था, जिसे पैरा एथलीट संगठन के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेलों के विजेताओं को सम्मानित किया गया। अंत में आकाश तिवारी ने ध्वज उतारकर सलामी दी और प्रतियोगिता के औपचारिक समापन की घोषणा की। कार्यक्रम का समापन “फिर मिलेंगे” के संदेश के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *