प्रतिबंधित गुटखा के खिलाफ सख्त अभियान, पाटन में स्कूलों के पास पान ठेलों की जांच

दुर्ग। जिले में प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू उत्पादों की बिक्री, भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ प्रशासन का सघन अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की विभागीय टीम ने पाटन नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न विद्यालयों के आसपास संचालित पान ठेलों और दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 एवं विनियम 2011 के तहत कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि जांच किए गए किसी भी फर्म में जर्दा युक्त गुटखा या प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद नहीं पाए गए। टीम ने दुकानदारों को नियमों की जानकारी देते हुए सख्त चेतावनी भी दी कि भविष्य में उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि जिले में गुटखा और तंबाकू उत्पादों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। विद्यालयों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि बच्चों और युवाओं को तंबाकू उत्पादों से दूर रखा जा सके। अधिकारियों ने बताया कि गुटखा और तंबाकू के सेवन से कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों सहित कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। इन्हीं कारणों से राज्य में गुटखा एवं तंबाकू युक्त उत्पादों के विक्रय और भंडारण पर प्रतिबंध लगाया गया है। अभियान के तहत दुकानदारों, उपभोक्ताओं और आम नागरिकों को प्रतिबंध से जुड़े नियमों की जानकारी दी जा रही है तथा तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *