भनसुली (के) में त्रिदिवसीय कबीर सत्संग समारोह सम्पन्न, अंतिम दिवस उमड़ी कबीर पंथियों की भीड़, साध्वी ज्योति साहेब बोली -सत्संग से आत्मा का शुद्धिकरण और मोक्ष संभव

रानीतराई। संत अभिलाष साहेब, कबीर सत्संग समिति एवं ग्रामवासियों के तत्वावधान में ग्राम भनसुली (के) में त्रिदिवसीय भव्य कबीर सत्संग समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के अंतिम दिवस बड़ी संख्या में कबीर पंथियों की उपस्थिति ने आयोजन को आध्यात्मिक उल्लास से भर दिया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में परम श्रद्धेय साध्वी ज्योति साहेब (सदगुरु कबीर आश्रम, सुढालिया जिला राजगढ़, म.प्र.) एवं विशेष वक्ता साध्वी श्रद्धा साहेब (कबीर आश्रम भंसुली) व्यासपीठ पर आसीन रहीं। भजन मंडली द्वारा कबीर साहेब के अमृतवचनों और साखियों का गायन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया गया। सत्संग समारोह में साध्वी ज्योति साहेब ने अपने प्रवचन में कहा कि “मानव जीवन अत्यंत अनमोल है, इसे व्यर्थ के मोह-माया में न गंवाकर सत्संग, भक्ति और सेवा में लगाना चाहिए। सत्संग के माध्यम से आत्मा का शुद्धिकरण होता है और मोक्ष की प्राप्ति संभव होती है।” उन्होंने संत कबीर के दोहों का भावार्थ समझाते हुए सत्य, प्रेम और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
साध्वी श्रद्धा साहेब ने कहा कि “संत कबीर का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना उस समय था। समाज में फैली कुरीतियों, अंधविश्वास और भेदभाव को दूर करने के लिए हमें कबीर साहेब के विचारों को आत्मसात करना होगा।” उन्होंने युवाओं से सत्संग से जुड़कर नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
समारोह में जिला पंचायत दुर्ग के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक साहू भी शामिल हुए कहा कि “ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में एकता, भाईचारा और सद्भाव बढ़ता है। कबीर साहेब की वाणी हमें सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।” उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर रामखिलावन साहू (पूर्व उपाध्यक्ष प्रदेश साहू संघ), पूरन साहू (सलाहकार जिला साहू संघ), दिनेश साहू (पूर्व अध्यक्ष तहसील साहू संघ), भगवती मुकेश साहू (सरपंच), पद्मभूषण साहू (उपसरपंच), दिनेश साहू (महामंत्री) सहित बड़ी संख्या में कबीरपंथी श्रद्धालु उपस्थित रहे। समारोह के समापन पर आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ आयोजन का विधिवत समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *