जामगांव आर। राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा परियोजना के अंतर्गत 13 अक्टूबर 2026 को पाटन में विकासखंड स्तरीय युवा संसद, रोल प्ले एवं लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजस) बेल्हारी के विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में संसदीय प्रक्रिया की समझ विकसित करने के साथ स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता, जीवन कौशल और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना था। इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सामूहिक सहभागिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करने में सहायक होती हैं। विद्यार्थियों के मार्गदर्शक शिक्षक के रूप में खुशबू मिश्रा, पुष्पेंद्र साहू एवं विजय साहू उपस्थित रहे। संकुल शैक्षिक समन्वयक कमलेश साहू ने भी विद्यार्थियों के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की और उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय की प्राचार्य रीना चौधरी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को निखारने के लिए प्रेरित किया। वहीं, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष मनीष चंद्राकर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।