
‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज सम्मान का संदेश
जामगांव आर। ‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रीय गीत के 150वें वर्ष के अवसर पर देशव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जामगांव आर के विद्यार्थियों द्वारा भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों के माध्यम से ग्रामीणों में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया। रैली के शुभारंभ अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती कविता साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम्’ हमारा राष्ट्रीय गीत है और तिरंगा हमारा राष्ट्रीय ध्वज है। तिरंगा रैली के माध्यम से जन-जन तक देशभक्ति की भावना पहुंचाने और प्रत्येक घर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उसके महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
गांव की गलियों में गूंजा देशभक्ति का संदेश
विद्यालय परिसर से प्रारंभ हुई तिरंगा रैली ग्राम पंचायत भवन पहुंची। इसके बाद विद्यार्थियों ने जामगांव आर के प्रमुख किसान चौक की परिक्रमा की और गांव की विभिन्न गलियों का भ्रमण करते हुए लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।
रैली के दौरान विद्यार्थी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति से जुड़े नारे लगाते हुए आगे बढ़े। तिरंगे के साथ निकली विद्यार्थियों की इस रैली से पूरे गांव में राष्ट्रभक्ति का माहौल नजर आया। रैली का समापन पुनः विद्यालय परिसर में हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देश के प्रति समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।