बस्तर में तिरंगे की शान, शहादत को सलाम: 12 से 15 अगस्त तक निकलेगी ‘बस्तर तिरंगा यात्रा’, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा होंगे शामिल

बस्तर में तिरंगे की शान, शहादत को सलाम: 12 से 15 अगस्त तक निकलेगी ‘बस्तर तिरंगा यात्रा’, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा होंगे शामिल

नक्सल प्रभाव से बाहर आए गांवों तक पहुंचेगी बाइक रैली, महिला बाइकर्स भी लेंगी हिस्सा; शहीद स्थलों की मिट्टी होगी संग्रहित, कुर्रेगुट्टालु में फहरेगा तिरंगा

रायपुर, 12 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बस्तर अंचल में राष्ट्रभक्ति, शांति और विकास का संदेश लेकर ‘बस्तर तिरंगा यात्रा-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। 12 से 15 अगस्त तक प्रस्तावित इस यात्रा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी शामिल होंगे। मोटरसाइकिलों के माध्यम से निकलने वाली यह यात्रा उन क्षेत्रों और गांवों तक पहुंचेगी, जो कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे हैं और अब शांति, सुरक्षा एवं विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहे हैं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को बस्तर के गांव-गांव तक पहुंचाना है। यात्रा के माध्यम से बस्तर की बदलती तस्वीर को देश-दुनिया के सामने रखने और युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा।

शहीद स्थलों पर श्रद्धांजलि, परिवारों का होगा सम्मान

तिरंगा यात्रा के दौरान उन स्थानों पर विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां बड़े नक्सली हमलों में जवानों और नागरिकों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। शहीद स्थलों पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ दो मिनट का मौन रखा जाएगा और शहीद परिवारों का सम्मान किया जाएगा। यात्रा की सबसे भावनात्मक पहल के तहत शहीद स्थलों की मिट्टी श्रद्धापूर्वक संग्रहित की जाएगी। इस मिट्टी को भविष्य में शहीदों के लिए निर्मित किए जाने वाले संग्रहालय में सुरक्षित रखने की योजना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां बस्तर के वीर शहीदों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा ले सकें।

महिला बाइकर्स की भी होगी खास भागीदारी

‘बस्तर तिरंगा यात्रा’ में महिला बाइकर्स की विशेष सहभागिता रहेगी। प्रत्येक जिले से बड़ी संख्या में बाइक राइडर यात्रा में शामिल होंगे। स्थानीय युवा, स्वयंसेवी संगठन, महिला समूह, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट-गाइड और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी यात्रा का हिस्सा बनेंगे।

नारायणपुर से कुर्रेगुट्टालु तक पहुंचेगी यात्रा

यात्रा 12 अगस्त को नारायणपुर से प्रारंभ होकर धौड़ाई, कन्हारगांव, कोड़ेनार, बोदली, सातधार, बारसूर और गीदम होते हुए दंतेवाड़ा पहुंचेगी। यहां रात्रि विश्राम होगा।

13 अगस्त को यात्रा दंतेवाड़ा से कुआकोंडा, भुसारास घाटी, चिंगावरम, सुकमा, एर्राबोर, मनीकोंटा, दोरनापाल, पोलमपल्ली, बुर्कापाल, मिनपा-टाड़मेटला, चिंतलनार, जगरगुंडा, सिलगेर, टेकलगुड़ेम और आवापल्ली होते हुए बीजापुर पहुंचेगी।14 अगस्त को बीजापुर से आवापल्ली, उसूर, गलगम, नंबी और ताड़पाला होते हुए यात्रा कुर्रेगुट्टालु पहाड़ी पहुंचेगी। अंतिम पड़ाव पर कभी माओवादियों का गढ़ माने जाने वाले इस क्षेत्र में तिरंगा फहराया जाएगा।

‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ से पौधरोपण

यात्रा के दौरान प्रत्येक प्रमुख घटना स्थल पर ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया जाएगा। जिस घटना स्थल पर जितने लोगों ने शहादत दी, वहां उतने ही पौधे लगाने की पहल की जाएगी। इसके साथ ही युवाओं, विद्यार्थियों और खेल प्रतिभाओं के साथ संवाद कार्यक्रम होंगे। नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

संस्कृति और विकास की दिखेगी झलक

तिरंगा यात्रा के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बस्तर के पारंपरिक लोकनृत्य, देशभक्ति गीत और स्थानीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। वहीं सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, डिजिटल सेवाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं पर आधारित विकास प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से मुख्यधारा में लौटे युवाओं की सफलता की कहानियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि बस्तर में आए बदलाव और विकास की तस्वीर सामने रखी जा सके।

बस्तर की वादियों में गूंजेगा शांति का संदेश

प्रत्येक जिला मुख्यालय में ‘बस्तर शांति दौड़’ का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा विशाल तिरंगा मार्च, राष्ट्रगान, शहीद सम्मान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से शांति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा। ‘बस्तर तिरंगा यात्रा-2026’ को केवल बाइक रैली के रूप में नहीं, बल्कि शहादत को नमन, युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने, सामाजिक एकता मजबूत करने और बदलते बस्तर की नई पहचान देश के सामने रखने वाले अभियान के रूप में देखा जा रहा है। तिरंगा लेकर बस्तर के गांवों और कभी हिंसा से प्रभावित रहे क्षेत्रों तक पहुंचने वाली यह यात्रा शांति, विश्वास, विकास और राष्ट्रभक्ति का संदेश देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *