जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर में शैक्षणिक सत्र 2025–26 के अंतर्गत महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल एवं क्रीड़ा प्रभारी डॉ. नरेश धर दीवान के नेतृत्व में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत 100, 400 एवं 800 मीटर दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद, बैडमिंटन एवं क्रिकेट जैसी विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के दौरान पूरे परिसर में खेल भावना और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस मौके पर प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक है, बल्कि यह विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में भी सहायक है। उन्होंने बताया कि खेलकूद की आदत विद्यार्थियों को बुरी संगत और गलत आचरण से दूर रखती है तथा मोबाइल और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से भी बचाती है। आज आवश्यकता है कि बच्चों को अधिक से अधिक खेल गतिविधियों की ओर प्रेरित किया जाए। क्रीड़ा प्रभारी डॉ. नरेश धर दीवान ने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ‘फिट इंडिया’ संदेश का स्मरण कराते हुए निरंतर खेलकूद गतिविधियों में भाग लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्राचार्य द्वारा प्रतिभागी विद्यार्थियों को अमूल कूल दुग्ध एवं फल वितरित कर प्रोत्साहित किया गया। प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव में पुरस्कृत किया जाएगा।
प्रतियोगिताओं के प्रमुख परिणाम इस प्रकार रहे—
100 मीटर दौड़ (छात्र वर्ग) में बीए तृतीय वर्ष के राहुल कुमार प्रथम एवं बीकॉम तृतीय वर्ष के तुकेश कुमार द्वितीय रहे। 100 मीटर दौड़ (छात्रा वर्ग) में बीए प्रथम वर्ष की वंदनी साहू प्रथम तथा बीकॉम तृतीय वर्ष की मल्लिका यादव द्वितीय रहीं।
400 मीटर दौड़ (छात्र वर्ग) में बीएससी तृतीय सेमेस्टर के गजेंद्र कुमार प्रथम एवं होमेन्द्र कुमार द्वितीय रहे, जबकि छात्रा वर्ग में बीएससी प्रथम सेमेस्टर की प्रेरणा बंजारे प्रथम और बीएससी तृतीय वर्ष की कुमारी सेवती द्वितीय स्थान पर रहीं।
800 मीटर दौड़ में गजेंद्र कुमार प्रथम एवं आशीष कुमार द्वितीय रहे। गोला फेंक (छात्र) में बीकॉम प्रथम के योगेश कुमार प्रथम और बीएससी प्रथम के मयंक द्वितीय रहे, जबकि छात्रा वर्ग में कुमारी ऐश्वर्या एवं कुमारी प्रेरणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भाला फेंक में बीएससी तृतीय वर्ष के आशीष साहू प्रथम एवं बीए तृतीय वर्ष के राहुल कुमार द्वितीय रहे।
लंबी कूद (छात्र) में राहुल कुमार प्रथम और आशीष साहू द्वितीय रहे, वहीं छात्रा वर्ग में बीएससी प्रथम सेमेस्टर की वंदनी साहू प्रथम तथा बीएससी तृतीय वर्ष की कुमारी सेवती द्वितीय रहीं। ऊंची कूद में बीकॉम तृतीय वर्ष की मल्लिका यादव प्रथम एवं कुमारी देवती द्वितीय रहीं। बैडमिंटन (छात्र) में तुषार कुमार साहू प्रथम एवं उमेश कुमार द्वितीय रहे, जबकि छात्रा वर्ग में कु. भूमिका प्रथम एवं बीकॉम प्रथम की प्रेरणा देशमुख द्वितीय रहीं। मिक्स्ड डबल्स बैडमिंटन में तुषार कुमार साहू एवं झमिता विजेता तथा आशीष साहू एवं लालिमा सोनवानी उपविजेता रहे।
वर्ष भर आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह से सहभागिता की। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।