
जामगांव आर। पाटन क्षेत्र की राजनीति में बुधवार को उस समय हलचल मच गई, जब वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जिला पंचायत दुर्ग की सभापति कल्पना साहू के पति नारद साहू ने सेवा सहकारी समिति सुरपा के प्राधिकृत अध्यक्ष पद से अचानक इस्तीफा दे दिया। उनके इस फैसले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। सहकारी समिति जैसे महत्वपूर्ण पद से इस्तीफे ने भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का नया मोर्चा खोल दिया है। गौरतलब है कि नारद साहू क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेताओं में गिने जाते हैं। वे जिला पंचायत दुर्ग की सभापति कल्पना साहू के पति होने के साथ ही पूर्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं, फिलहाल सेवा सहकारी समिति सुरपा में. प्राधिकृत अध्यक्ष का दायित्व सम्हाल रहे थे।
कांग्रेस नेता अशोक साहू ने भाजपा सरकार को घेरा, बताया किसान विरोधी चेहरा
नारद साहू के इस्तीफे को लेकर दुर्ग जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों और सहकारी समितियों की बदहाल व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए कहा कि सरकार की रीति-नीति के कारण किसानों के साथ अन्याय हो रहा है और सेवा सहकारी समितियों को कर्जदार बनाने की स्थिति निर्मित हो रही है। अशोक साहू ने कहा कि किसान धान बिक्री के पहले और बाद की व्यवस्थाओं को लेकर परेशान हैं। उन्होंने धान खरीदी की ऑनलाइन और ऑफलाइन टोकन व्यवस्था, लिमिट निर्धारण, खरीदी लक्ष्य, खसरा जीरो दिखने की समस्या तथा पटवारियों की हड़ताल जैसे मुद्दों को उठाते हुए कहा कि इन तमाम अव्यवस्थाओं से किसान हलाकान और निराश हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में सहकारी समितियों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। प्राधिकृत अधिकारी का इस्तीफा शासन-प्रशासन की किसान और सहकारी संस्थाओं के प्रति लापरवाही का नतीजा है। अशोक साहू ने कहा कि सेवा सहकारी समितियां किसानों की अपनी संस्थाएं हैं, लेकिन सरकार किसानों के हितों की रक्षा करने में विफल साबित हो रही है। कांग्रेस किसानों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ उनकी लड़ाई में साथ खड़ी है।
नारद साहू का पलटवार– निजी कारणों पर राजनीति करना कांग्रेस की मुद्दाविहीनता
दूसरी ओर, भाजपा नेता नारद साहू ने अपने इस्तीफे को पूरी तरह व्यक्तिगत एवं पारिवारिक कारणों से लिया गया निर्णय बताया है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं द्वारा इस्तीफे को राजनीतिक मुद्दा बनाए जाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उनके व्यक्तिगत कारणों से दिए गए इस्तीफे पर राजनीति करना यह दर्शाता है कि कांग्रेस के पास अब राजनीति करने के लिए कोई दूसरा मुद्दा नहीं बचा है। नारद साहू ने स्पष्ट किया कि वे भाजपा कार्यकर्ता के रूप में पार्टी और संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पहले की तरह करते रहेंगे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें अपनी चिंता करनी चाहिए, न कि किसी के व्यक्तिगत निर्णय पर राजनीति करनी चाहिए।
इस्तीफे ने खोली सियासी बयानबाजी की नई पारी
सुरपा सेवा सहकारी समिति के प्राधिकृत अध्यक्ष पद से नारद साहू का इस्तीफा भले ही उनके अनुसार निजी और पारिवारिक कारणों से जुड़ा हो, लेकिन कांग्रेस ने इसे किसान और सहकारी समितियों की समस्याओं से जोड़कर भाजपा सरकार को घेरने का अवसर बना लिया है। वहीं भाजपा नेता ने इसे कांग्रेस की मुद्दाविहीन राजनीति करार दिया है। अब इस घटनाक्रम ने स्थानीय स्तर पर सहकारिता, धान खरीदी और किसान हितों को लेकर राजनीतिक बहस तेज कर दी है।