पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर सवालों वाला सर्वे बना विवाद की वजह, कांग्रेस ने पुलिस से की कड़ी कार्रवाई की मांग

दुर्ग। गाजियाबाद की सर्वे एजेंसी वाट्स इंडिया थिंक्स के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने मोर्चा खोलते हुए कंपनी के फाउंडर मालिक एवं अन्य जिम्मेदारों पर अपराध दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। इस संबंध में मंगलवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक दुर्ग से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि वाट्स इंडिया थिंक्स कंपनी की सर्वे टीम द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कथित गिरफ्तारी और शराब घोटाले से जुड़े सवालों को लेकर जनमत संग्रह किया जा रहा था, जो आपत्तिजनक और राजनीतिक रूप से प्रेरित था। बताया गया कि सर्वे फॉर्म में कुल 24 प्रश्न शामिल थे, जिनमें वर्तमान सरकार की योजनाओं के साथ-साथ पूर्व सरकार, शराब घोटाला, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं उनके पुत्र चैतन्य बघेल को जेल भेजे जाने जैसे संवेदनशील प्रश्न पूछे जा रहे थे। इस सर्वे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कड़ी आपत्ति जताई और भट्ठी थाना भिलाई में हंगामा भी किया। मौके पर सर्वे करने पहुंचे कंपनी के छह कर्मचारियों को कांग्रेस नेताओं ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।


कांग्रेस का कहना है कि इस तरह के सर्वे से जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है और यह राजनीतिक छवि धूमिल करने की साजिश का हिस्सा है। इसी को लेकर कांग्रेसियों ने सर्वे एजेंसी के फाउंडर मालिक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक दुर्ग से मुलाकात के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के साथ धीरज बाकलीवाल, मुकेश चंद्राकर, राजेन्द्र साहू, क्षितिज चंद्राकर, हरीश ठाकुर, जयंत देशमुख, धर्मेंद्र साहू, सुशील भारद्वाज, भोला महोबिया, महीप सिंह भुवाल, गुरदीप भाटिया, संजय कोहली, कौशल किशोर सिंह, मोहित वालदे, आयुष शर्मा सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *