
धमतरी, 15 जून 2026। जिले के मगरलोड विकासखंड अंतर्गत ग्राम करेली बड़ी में एक पैकेज्ड पेय पदार्थ को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 2 से 3 वर्षीय एक मासूम बच्ची द्वारा फ्रूटी पीने के दौरान पैकेट के अंदर छिपकलीनुमा संदिग्ध जीव दिखाई देने से गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजन बच्ची को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया गया।
जानकारी के अनुसार, बच्ची के परिजनों ने गांव की एक किराना दुकान से फ्रूटी खरीदी थी। पैकेट खोलने के बाद बच्ची ने कुछ मात्रा में पेय पदार्थ का सेवन भी कर लिया था। इसी दौरान परिजनों की नजर पैकेट के भीतर मौजूद संदिग्ध जीव-जंतु पर पड़ी, जिसे देखकर परिवार के लोग घबरा गए। घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके चलते उसे तत्काल मगरलोड स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को निगरानी में रखा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल बच्ची की हालत सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।
मामले की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने प्रारंभिक जानकारी जुटाई। खाद्य पदार्थ से जुड़ा मामला होने के कारण जांच की जिम्मेदारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सौंप दी गई है। संबंधित अधिकारियों ने फ्रूटी के पैकेट को सुरक्षित रखकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पैकेट में मिला जीव उत्पादन प्रक्रिया के दौरान पहुंचा था या किसी अन्य कारण से उसमें मौजूद था।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने संबंधित कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ब्रांडेड उत्पादों पर उपभोक्ता भरोसा करते हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं लोगों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हैं। इस घटना ने एक बार फिर पैकेज्ड खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने उत्पादन इकाइयों और गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।