15 जुलाई से पहले 5500 शिक्षकों की भर्ती, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का बड़ा ऐलान ! नए शिक्षा सत्र में स्कूलों में लागू होगी बायोमेट्रिक उपस्थिति, आत्मानंद स्कूलों के लिए भी जल्द जारी होंगे आदेश

15 जुलाई से पहले 5500 शिक्षकों की भर्ती, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का बड़ा ऐलान ! नए शिक्षा सत्र में स्कूलों में लागू होगी बायोमेट्रिक उपस्थिति, आत्मानंद स्कूलों के लिए भी जल्द जारी होंगे आदेश

रायपुर, 15 जून 2026। छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर ली है। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने घोषणा की है कि प्रदेश में 15 जुलाई से पहले करीब 5500 शिक्षकों की भर्ती पूरी कर चयनित अभ्यर्थियों को जॉइनिंग दे दी जाएगी। रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न होगी और चयनित अभ्यर्थियों को शीघ्र पदस्थापना दी जाएगी।

मंत्री ने बताया कि स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में पदस्थापना के इच्छुक शिक्षकों के लिए भी जल्द आदेश जारी किए जाएंगे, जिससे उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सकेगी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के स्कूलों को समान रूप से लाभ मिलेगा तथा लंबे समय से रिक्त पदों की समस्या में काफी कमी आएगी। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।

शिक्षा मंत्री ने नए शिक्षा सत्र में लागू होने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि स्कूलों में ऑनलाइन और बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली, राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं राज्यगीत के नियमित आयोजन की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें, यूनिफॉर्म और साइकिलों का वितरण भी किया जाएगा।
राज्य सरकार के इस फैसले को शिक्षा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे न केवल बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा बल्कि स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था भी पहले से अधिक मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *