तेज बारिश के बीच पाटन में सजा तीज मिलन और नारी सशक्तिकरण का रंग, झरिया महार/महरा समाज महिला संगठन के आयोजन में प्रदेशभर से जुटीं महिलाएं, तीज क्वीन सहित विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने बटोरी वाहवाही

तेज बारिश के बीच पाटन में सजा तीज मिलन और नारी सशक्तिकरण का रंग, झरिया महार/महरा समाज महिला संगठन के आयोजन में प्रदेशभर से जुटीं महिलाएं, तीज क्वीन सहित विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने बटोरी वाहवाही

पाटन। छत्तीसगढ़ झरिया महार/महरा समाज महिला संगठन के तत्वावधान में रविवार को देवांगन भवन पाटन में तीज मिलन एवं नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। सावन और श्रृंगार की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में लगातार तेज बारिश और विपरीत मौसम के बावजूद महिलाओं का उत्साह देखते ही बना। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से समाज की महिलाएं कार्यक्रम में शामिल हुईं और पारंपरिक संस्कृति, सामाजिक एकजुटता तथा नारी शक्ति का परिचय दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ इष्टदेव श्री नारायण देव, भगवान शिव-पार्वती के पूजन तथा मां परमेश्वरी को पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। इसके बाद सामूहिक रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित बहनों ने सामाजिक भाइयों की कलाइयों पर रक्षासूत्र बांधकर सहयोग, सुरक्षा और सामाजिक समरसता का संकल्प लिया।

खेल और सांस्कृतिक स्पर्धाओं में दिखी प्रतिभा

महिलाओं के लिए आयोजित विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक स्पर्धाओं ने कार्यक्रम में खास रंग भर दिया। फुगड़ी प्रतियोगिता में जयश्री कामड़े ने प्रथम, कीर्ति सोनवानी ने द्वितीय और पुष्पा कामड़े ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गोली-चम्मच प्रतियोगिता में रानू कामड़े प्रथम, यशवंतीन द्वितीय और रेखा तृतीय रहीं। सुई-धागा प्रतियोगिता में नोमेश्वरी ने प्रथम, करुणा कामड़े ने द्वितीय और पुष्पा अंगारे ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में तीज क्वीन का चयन भी रहा, जिसमें श्रीमती युक्ता अंगारे और श्रीमती अनिता मेश्राम को उत्कृष्ट घोषित किया गया। सुंदर परिधान में चांदनी अंगारे, तीज गीत में कांता पटेल तथा तीज नृत्य में यामिनी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सम्मान प्राप्त किया। महिलाओं ने सावन के झूले का भी आनंद लिया।

संस्कृति और परंपरा से जुड़ी रहीं महिलाएं

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और खान-पान की झलक भी देखने को मिली। महिलाओं ने ठेठरी, खुरमी, अरसा और चौसेला जैसे पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का आनंद लिया। सामूहिक सुवा नृत्य में जमराव परगना की बहनों ने शानदार प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा ‘तीज-मिलन एवं नारी सशक्तिकरण’ पत्रिका का विमोचन भी किया गया। पत्रिका के माध्यम से समाज की महिलाओं की भूमिका, संस्कृति और सशक्तिकरण के प्रयासों को सामने लाने का प्रयास किया गया।

महिलाओं से नेतृत्व की भूमिका निभाने का आह्वान

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक ने महिलाओं को संबोधित करते हुए समाज के हर क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं सबल, सक्षम, सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनकर प्रत्येक क्षेत्र में आगे आएं तथा समाज को नई दिशा देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। कार्यक्रम का संचालन ज्योत्सना और रत्ना पावरिया ने किया। आयोजन में संध्या सोनवानी, प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष, मंजुलता अंगारे, महिला संगठन अध्यक्ष, दीप्ति मेश्राम, उपाध्यक्ष सहित महिला संगठन, श्रीदेव जी युवा मंच एवं नारायणी युवती मंच के पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रांताध्यक्ष अशोक मेश्राम एवं केंद्रीय कार्यकारिणी के विशेष सहयोग से आयोजित कार्यक्रम को समाज के सभी वर्गों का सहयोग मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *