
रायपुर। भगवान शिव को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद राजधानी रायपुर में शुक्रवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामले को लेकर भाजपा नेताओं और छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने विरोध प्रदर्शन करते हुए क्रिश्चियन फोरम के पदाधिकारी अरुण पन्नालाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वे 21 अगस्त तक न्यायिक रिमांड पर रहेंगे। यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। विवाद की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने अरुण पन्नालाल के निवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया था।
घर के बाहर प्रदर्शन, जमकर नारेबाजी
शुक्रवार को छत्तीसगढ़ बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में अरुण पन्नालाल के घर के बाहर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा पदाधिकारियों और हिंदू संगठनों ने भी मौके पर पहुंचकर नारेबाजी की तथा सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणियां करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस बल लगातार तैनात रहा और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
क्या है पूरा मामला
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार को सोशल मीडिया पर हंसराज गोयल नामक व्यक्ति द्वारा भगवान शिव को लेकर कथित आपत्तिजनक पोस्ट की गई थी। आरोप है कि इसके बाद क्रिश्चियन फोरम से जुड़े अरुण पन्नालाल द्वारा भी उस पोस्ट पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई, जिसके बाद विवाद तेजी से बढ़ गया। भाजपा और हिंदू संगठनों ने संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट और कमेंट्स को धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
भाजपा का बयान
भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि सावन माह भगवान शिव की आराधना का सबसे पवित्र समय माना जाता है। ऐसे समय में भगवान शिव, शिवलिंग और सनातन धर्म के देवी-देवताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां करना करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
बजरंग दल ने लगाए गंभीर आरोप
छत्तीसगढ़ बजरंग दल के जिलाध्यक्ष योगेश सैनी ने कहा कि हिंदू देवी-देवताओं के विरुद्ध की गई टिप्पणियां अस्वीकार्य हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अरुण पन्नालाल विदेशी फंड के दम पर हिंदू आस्था का अपमान कर रहे हैं तथा उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई की जानी चाहिए।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट और उससे जुड़े कमेंट्स की जांच की जा रही है। मामले में उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों और शिकायतों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शहर में स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क बना हुआ है।