रायपुर में 10 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा : बस्तर के 92 गांवों में पहली बार फहरेगा राष्ट्रीय ध्वज, 500 से अधिक संस्थानों का नामकरण शहीदों के नाम पर

रायपुर में 10 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा : बस्तर के 92 गांवों में पहली बार फहरेगा राष्ट्रीय ध्वज, 500 से अधिक संस्थानों का नामकरण शहीदों के नाम पर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। राजधानी रायपुर में 10 अगस्त को सुबह 10 बजे मरीन ड्राइव से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स, पूर्व सैनिक, खिलाड़ी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, धर्माचार्य और विभिन्न समाजों के लोग शामिल होंगे। शुक्रवार को भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। इस दौरान तिरंगा अभियान के प्रदेश प्रभारी यशवंत जैन भी मौजूद रहे।

बस्तर के 92 गांवों में पहली बार फहरेगा तिरंगा

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि नक्सल हिंसा से प्रभावित बस्तर के कई ऐसे गांव हैं, जहां आजादी के बाद से कभी राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया जा सका। इस बार 15 अगस्त को 92 गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा। इनमें बीजापुर के 33 गांव, सुकमा के 50 गांव और नारायणपुर के 9 गांव शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 से 2026 के बीच स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के आयोजनों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में राष्ट्रध्वज पहुंचाने का प्रयास शुरू किया गया था, जिसे अब और व्यापक रूप दिया जा रहा है।

500 से ज्यादा स्कूल और चौराहे शहीदों के नाम होंगे

अभियान के तहत बस्तर संभाग के 500 से अधिक स्कूलों, प्रमुख चौराहों और सामुदायिक भवनों का नामकरण अमर शहीदों के नाम पर किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों से परिचित कराना और उनमें राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है।

संवेदनशील इलाकों में भी पहुंचेगी तिरंगा यात्रा

पूवर्ती, सिलगेर और दरभा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को भी तिरंगा यात्रा से जोड़ने की योजना बनाई गई है। भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता स्थानीय युवाओं के साथ बाइक रैली निकालकर गांव-गांव तक तिरंगा अभियान पहुंचाएंगे।

प्रदेशभर में होगा व्यापक आयोजन

अरुण साव ने बताया कि प्रदेश की 450 से अधिक भाजपा मंडल इकाइयों, बड़े गांवों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और विकासखंड मुख्यालयों में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति से जोड़ना, संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करना है। राजधानी रायपुर की तिरंगा यात्रा को प्रदेशस्तरीय आयोजन का स्वरूप दिया गया है। प्रशासन और आयोजकों के अनुसार, इसमें हजारों लोगों की भागीदारी रहने की संभावना है और यह स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रदेश में राष्ट्रभक्ति का बड़ा संदेश देने वाला कार्यक्रम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *