जामगांव आर। धर्म की मर्यादा, भक्ति की भावनाएँ और लोकसंस्कृति की जीवंत परंपरा—इन तीनों का अनुपम संगम एक बार फिर ग्राम बेल्हारी में साकार होने जा रहा है। समाजसेवी संस्था युवा मित्र मंडल के तत्वावधान में 9 से 11 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाला 27वां राज्य स्तरीय रामायण मेला महोत्सव अपने रजत-रजताभ वर्ष में प्रवेश कर चुका है। तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न अंचलों से आईं 30 मानस मंडलियां रामचरित मानस के चयनित प्रसंगों का संगीतमय, सस्वर एवं भावपूर्ण पाठ प्रस्तुत करेंगी। रामकथा की दिव्य स्वरधारा से संपूर्ण बेल्हारी ग्राम आध्यात्मिक आलोक से आलोकित होगा। महोत्सव का शुभारंभ 9 जनवरी को देव स्थापना एवं अखंड दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगा। उद्घाटन अवसर पर ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष रूपेंद्र शुक्ला, मानस शक्ति केंद्र अध्यक्ष भेल चंद्राकर, सरपंच माधुरी नरोत्तम निषाद, कविता जयप्रकाश साहू, देवकी जेठूराम निषाद, रेवाराम साहू एवं अमित अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम संयोजक मनीष चंद्राकर ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को आयोजित विशेष समारोह में दुर्ग सांसद विजय बघेल, तहसील मानस संघ अध्यक्ष टीकाराम साहू, छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा, जिला पंचायत सभापति कल्पना साहू, जनपद पंचायत सभापति खेमलाल देशलहरे, तहसील साहू संघ अध्यक्ष लालेश्वर साहू एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। वहीं, महोत्सव के समापन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू, जिला उपाध्यक्ष उमाकांत चंद्राकर, मनवा कुर्मी समाज राज अध्यक्ष युगल आडिल एवं किशोर चंद्राकर की उपस्थिति आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान करेगी। रामायण मेला महोत्सव में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाली मानस मंडलियों को पुरस्कार एवं सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाला यह राज्य स्तरीय आयोजन बेल्हारी ही नहीं, बल्कि आसपास के समूचे अंचल को धार्मिक श्रद्धा, सांस्कृतिक चेतना और लोकआस्था के रंगों से सराबोर कर देगा।