स्वामी विवेकानंद जयंती पर 12 को बेल्हारी में भव्य आयोजन, छत्तीसगढ़िया लोककला एवं युवा महोत्सव के साथ विराट हिन्दू सम्मेलन

जामगांव आर। समाजसेवी संस्था युवा मित्र मंडल के तत्वावधान में आगामी 12 जनवरी को ग्राम बेल्हारी में जोहार छत्तीसगढ़िया लोककला एवं युवा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। महोत्सव में पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं विधायक ललित चंद्राकर तथा भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा बतौर अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति को मंच मिलेगा, जिसमें लोकगाथा भरथरी, रामधूनी दल, पुरखा के सुरता लोकदल, फाग मंडली एवं रंगमया लोकदल द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

इसी दिन राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्य योग आयोग के अध्यक्ष रुपनारायण सिन्हा मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होकर युवाओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के विशेष आकर्षण के रूप में योग ज्योति टीम द्वारा योग की महत्ता पर आधारित लघु नाट्य की प्रस्तुति दी जाएगी, वहीं राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त नारायणपुर की मलखम्ब टीम अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन करेगी। आयोजन को सफल बनाने हेतु समिति के संयोजक मनीष चंद्राकर, हलधर महमल्ला एवं रामसिंह बंसोड ने राज्य योग आयोग के अध्यक्ष रुपनारायण सिन्हा से भेंट कर उन्हें औपचारिक रूप से कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *