चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज का 54 वाँ वार्षिक अधिवेशन : सीएम साय बोले- समाज ने छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे शूरवीर शासक और सरदार वल्लभ भाई पटेल जैसे राष्ट्रनायक दिए…

दुर्ग। चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रीय समाज का 54 वाँ वार्षिक अधिवेशन दुर्ग के कोलिहापुरी में रविवार को समारोह पूर्वक सम्पन्न हुआ,कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए उन्होंने मौके पर प्रदेशभर से जुटे सामाजिक परिजनों को संबोधित करते हुए कहा कि चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रीय समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और इसका वर्तमान छत्तीसगढ़ के विकास में मजबूत भूमिका निभा रहा है समाज में छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे शूरवीर शासक और सरदार वल्लभ भाई पटेल जैसे राष्ट्रनायक हुए हैं, जिन्होंने देश की एकता को मजबूती दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रीय समाज परिश्रम और स्वाभिमान का प्रतीक है। आज भी समाज के अधिकांश लोग खेती-किसानी से जुड़े हैं। प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि किसान खुशहाल हों और उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो। इसी उद्देश्य से ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ पूरे प्रदेश में 29 मई से 12 जून तक चलाया जा रहा है, जिसमें वैज्ञानिक किसानों से सीधे संवाद कर रहे हैं और उन्हें नई तकनीक व सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी के अनुसार प्रदेश सरकार ने सत्ता में आते ही 13 लाख किसानों के खातों में दो वर्ष का बकाया बोनस 3,716 करोड़ रूपए अंतरित किया है। साथ ही, धान खरीदी के लिए 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा तय की गई है। बीते खरीफ सीजन में 149 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी कर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया गया है।

कृषि और पशुपालन को मिला बढ़ावा
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि किसानों को दो-दो पशु देकर दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की योजना बनाई गई है, जिसकी जिम्मेदारी राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड को दी गई है। साथ ही, दंतेवाड़ा में मिलेट्स व पारंपरिक अनाजों के लिए प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना की जा रही है।

नई औद्योगिक नीति व महिलाओं के लिए योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नई औद्योगिक नीति बनाई गई है। महिला सशक्तिकरण के तहत ‘महतारी वंदना योजना’ के अंतर्गत 70 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह ₹1000 की सहायता दी जा रही है। महिलाएं अब आत्मनिर्भर बन रही हैं और स्वरोजगार की दिशा में अग्रसर हो रही हैं।

तीर्थयात्रा और रामलला दर्शन योजना फिर शुरू
60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा योजना को पुनः प्रारंभ किया गया है। ‘रामलला दर्शन योजना’ के तहत अब तक 22 हजार से अधिक श्रद्धालु लाभान्वित हुए हैं।

सुशासन और पारदर्शिता की दिशा में मजबूत कदम
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘सुशासन तिहार’ के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों का दौरा कर 40 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त किए गए, जिनका निराकरण किया जा चुका है। नामांतरण जैसी सुविधाओं को ऑनलाइन कर आम जनता को राहत दी गई है। भ्रष्टाचार रोकने के लिए अधिकतर कार्य डिजिटल माध्यम से किए जा रहे हैं।

शिक्षा को दी जा रही प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का साधन नहीं, समाज सुधार का माध्यम है। भाजपा सरकार ने प्रदेश में IIT, IIIT, लॉ यूनिवर्सिटी और मेडिकल कॉलेज जैसे उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित किए हैं। नई शिक्षा नीति के अंतर्गत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर जोर दिया जा रहा है।

समाज संगठित, शिक्षित और अग्रणी
मुख्यमंत्री ने चन्द्रनाहू कुर्मी समाज की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह समाज संगठित, शिक्षित, उन्नत कृषक और व्यापारी वर्ग के रूप में प्रदेश की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि जब कोई समाज सशक्त होता है, तो राष्ट्र भी मजबूत होता है।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, विधायक श्री अजय चन्द्राकर, श्री ललित चन्द्राकर और बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चन्द्रहास चन्द्राकर ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री विनोद चन्द्राकर ने महाधिवेशन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर प्रदीप चंद्राकर (अध्यक्ष, दुर्ग राज इकाई),हिम्मत चंद्राकर (महामंत्री, प्रदेश),सविता चंद्राकर (महिला उपाध्यक्ष),तारिणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर (प्रदेश अध्यक्ष),पुरुषोत्तम चंद्राकर, प्रतिमा रमेश चंद्राकर, उपकार चंद्राकर, गुलशन चंद्राकर, योगिता चंद्राकर, सुनील चंद्राकर, खेमराज चंद्राकर, उमाकांत चंद्राकर, नंदकुमार चंद्राकर, कुंदन चंद्राकर, उषा चंद्राकर, क्षमता चंद्राकर, पवन चंद्राकर,क्षेत्रीय अध्यक्ष: दीनानाथ चंद्राकर (भिलाई नगर), खिलेश्वर चंद्राकर (अण्डा), खिलावन चंद्राकर (भरेंगांव), चेतन लाल चंद्राकर (जामगांव एम), राजेश चंद्राकर (जामगांव आर), केशव विजय चंद्राकर (बालोद), बसंत कुमार चंद्राकर (दुर्ग), संजय चंद्राकर (गुंडरदेही), पद्माकर चंद्राकर (सांतरा),व्यापारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष: विक्रम चंद्राकर,युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष: दिनेश चंद्रवंशी,ममता चंद्राकर, कुबेर चंद्रवंशी, कैलाश चंद्रवंशी, विरेन्द्र चंद्रवंशी, विनोद चंद्रवंशी (डायरेक्टर, चंद्रयान हॉस्पिटल, कवर्धा), लोमश देवनारायण चंद्राकर ,उपकार चन्द्राकर सहित बड़ी संख्या में सामाजिक परिजन उपस्थित थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *