फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश : मर्रा में फिट इंडिया मूवमेंट के तहत निकली 12 किमी साइकिल रैली

जामगांव आर । विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में रविवार, 1 जून को ग्राम मर्रा में फिट इंडिया मूवमेंट के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारतीय खेल विकास प्राधिकरण एवं छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग, दुर्ग द्वारा किया गया। खेलो इंडिया लघु कबड्डी ट्रेनिंग सेंटर मर्रा के प्रशिक्षक भरत लाल ताम्रकार एवं मर्रा स्कूल के पीटीआई संतोष यादव के नेतृत्व में रैली का संचालन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ युवाओं में फिटनेस के प्रति रुचि विकसित करना था। सभी ग्रामीणों ने कार्यक्रम की सराहना की और इसे हर रविवार आयोजित करने की बात कही।

साइकिल रैली में कुल 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें बच्चे, युवा और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दी। यह रैली ग्राम मर्रा से प्रारंभ होकर आमालोरी, गुड़ियाडी, गाड़ाडीह होते हुए पुनः मर्रा पहुंची। कुल 12 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए रैली ने फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर शाला विकास समिति के अध्यक्ष श्री खिलेश वर्मा, वरिष्ठ नागरिक लाला राम वर्मा, गाड़ाडीह उपसरपंच श्री टोपेन्द्र वर्मा, श्री नवगेंद्र देवांगन, श्री ईश्वरी देशमुख, श्री सुश्रीत यादव, श्री पुरेन्द्र तिवारी एवं अंतरराष्ट्रीय योग खिलाड़ी श्री धीरेन्द्र वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों को विभाग द्वारा प्रदान किए गए प्रशस्ति पत्र वितरित किए और फिट इंडिया अभियान के तहत नियमित रूप से साइकिल चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी इसका बड़ा योगदान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *