“कोटा के आमागोहन में उतरा मुख्यमंत्री का उड़नखटोला, सीएम साय बोले— “बीते डेढ़ साल में किया काम, अब जनता के बीच जाकर ले रहे ज़मीनी फीडबैक”

रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का उड़नखटोला सोमवार को बिलासपुर जिले के कोटा ब्लॉक अंतर्गत दूरस्थ आदिवासी ग्राम आमागोहन पहुँचा, जहाँ उन्होंने “सुशासन तिहार” के तीसरे चरण में आयोजित समाधान शिविर में हिस्सा लिया। गांव में मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर ग्रामीणों में खासा उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। चिलचिलाती धूप के बावजूद ग्रामीण मुख्यमंत्री की एक झलक पाने और उनकी बात सुनने घंटों इंतजार करते रहे।

समाधान शिविर में मुख्यमंत्री ने लोगों से संवाद करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन की ज़मीनी हकीकत जानी। उन्होंने कहा— “हमने बीते डेढ़ वर्षों में जनहित में काम किया है, और अब उसी का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच आए हैं। जो सरकारें काम करती हैं, वही जनता के बीच आने का साहस रखती हैं।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि सुशासन तिहार केवल योजना समीक्षा नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों और शासन के बीच सेतु है। इस माध्यम से सरकार योजनाओं की वास्तविक स्थिति जान रही है। उन्होंने कहा कि 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने से लेकर 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीद, तेंदूपत्ता संग्रहण की दर बढ़ाने और महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल देने जैसे कदम सरकार ने प्राथमिकता से उठाए हैं।

मुख्यमंत्री ने आमागोहन में विद्युत उपकेंद्र और सामुदायिक भवन तथा बेलगहना में कॉलेज खोलने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि अब तक 1460 पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र खोले जा चुके हैं, जिससे ग्रामीणों को बैंकिंग और अन्य डिजिटल सेवाएं गांव में ही मिल रही हैं।

2265 में से 2212 आवेदन हुए निराकृत
आमागोहन क्लस्टर के समाधान शिविर में 2265 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2212 का त्वरित निराकरण किया गया। इसमें आमागोहन सहित 11 गाँव शामिल थे।

जनजीवन में योजनाओं का प्रभाव
शिविर में हितग्राहियों ने बताया कि पीएम आवास, महतारी वंदन योजना और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं से उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। हितग्राही विमला बाई ने बताया कि उन्होंने महतारी वंदन की राशि से अपनी नतनी के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश किया है।

बच्चों को किया सम्मानित, हितग्राहियों को बांटी चाबी और सामग्री
मुख्यमंत्री ने 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्रों को मंच पर सम्मानित कर शुभकामनाएं दी। साथ ही पीएम आवास के लाभार्थियों को घर की चाबी और अन्य विभागों के हितग्राहियों को सामग्री और राशि भी वितरित की। मुख्यमंत्री को विद्यार्थियों ने उनके हस्तनिर्मित चित्र भी भेंट किए, जिसे उन्होंने स्नेहपूर्वक स्वीकार किया।मुख्यमंत्री के साथ मंच पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव पी. दयानंद, सांसद तोखन लाल साहू, जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *