पाटन। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत पतोरा ने पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को बदनाम करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया व समाचार पत्रों में की जा रही भ्रामक जानकारी को सख्ती से खारिज किया है। पंचायत के सचिव एवं सरपंच द्वारा संयुक्त रूप से जारी स्पष्टीकरण में कहा गया है कि पंचायत द्वारा सुशासन महोत्सव 2025 के अंतर्गत 8 से 11 मई तक आयोजित शिविर में की गई सभी गतिविधियाँ शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, खाद्य एवं अन्य विभागों से संबंधित थीं, जिनकी जानकारी पूर्व में ही संबंधित विभागों को दी जा चुकी थी।
ग्राम पंचायत पतोरा के सरपंच भुनेश्वर साहू एवं उपसरपंच देवचरण कौशल द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि दिलीप कुर्रे एवं पूर्व जनपद सदस्य चंद्रवती कुर्रे ने आवेदन को जमा करने के बाद ऑनलाइन नहीं भेजने की भ्रामक जानकारी देते हुए पंचायत कर्मचारियों के द्वारा लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था जो कि पूरी तरह बेबुनियाद है। जबकि सच्चाई यह है कि सुशासन तिहार में प्राप्त सभी आवेदन को ऑनलाइन किया जा चुका था तथा समाधान शिविर में बताया गया था कि आवेदन का निराकरण किया जा चुका है। साथ ही उन्होंने सरपंच से भी किसी तरह की बात नहीं किए थे। गलत जानकारी दिए जाने की पंचायत प्रतिनिधियों ने निंदा किए है।
इस संबंध में दिलीप कुर्रे ने बताया कि मेरे द्वारा सरपंच को उनके मोबाइल पर कॉल कर जानकारी दिया गया था जिसकी मेरे पास वॉइस रिकॉर्डिंग है।
मामले में पंचायत ने स्पष्ट किया कि 19 मई 2025 तक की गई समस्त कार्यवाही संबंधित विभागों के निर्देशानुसार हुई है। पंचायत ने चेतावनी दी है कि बिना सत्यापन के झूठी एवं भ्रामक सूचनाएं फैलाना न केवल पंचायत की छवि को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि यह विधिक कार्यवाही का भी विषय है।