महासमुंद । भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, राज्य मुख्यालय छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में राज्य स्तरीय तीन दिवसीय एडवेंचर हाईक, व्यक्तित्व विकास एवं प्राकृतिक अध्ययन शिविर 2025 का आयोजन महासमुंद जिले के ग्राम जलकी स्थित अलोहा रिसॉर्ट एवं एडवेंचर कैंपस में भव्य रूप से संपन्न हुआ। शिविर का सफल संचालन राज्य मुख्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव के निर्देशन एवं राज्य सचिव कैलाश सोनी के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर में छत्तीसगढ़ के दस जिलों से चयनित 77 गाइडर, फ्लॉक लीडर एवं रेंजर लीडर सहित राज्य मुख्यालय से नियुक्त 2 शिविर सहायकों को मिलाकर कुल 79 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। महासमुंद जिले से गाइड कैप्टन श्रीमती लक्ष्मी मानिकपुरी, एडवांस फ्लॉक लीडर सुश्री पुष्पांजली चौधरी एवं रेंजर लीडर श्रीमती भगवंतीन निराला को इस अवसर में भाग लेने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
शिविर का शुभारंभ ध्वज शिष्टाचार के साथ हुआ, जिसके पश्चात शिविरार्थियों ने गुलाब बगीचे ‘पीली गार्डन’ में विभिन्न वनस्पतियों का अध्ययन किया। बी.पी.-सिक्स अभ्यास के माध्यम से स्वास्थ्य संवर्धन की जानकारी दी गई, वहीं एडवेंचर हाईक के तहत प्रतिभागियों ने ज़िप लाइन, जायंट स्विंग, रोप ब्रिज, मंकी ब्रिज एवं टायर वॉल क्लाइंबिंग जैसी साहसिक गतिविधियों में भाग लेकर अपने आत्मविश्वास और साहस का प्रदर्शन किया।
एडवांस फ्लॉक लीडर पुष्पांजली चौधरी ने बताया कि यह शिविर स्काउटिंग की मूल भावना से परिपूर्ण, रोचक और अविस्मरणीय अनुभव रहा। यहां प्रकृति और संस्कृति के साथ जुड़ने और व्यक्तित्व विकास की दिशा में नए अवसर प्राप्त हुए। शिविर के सफल संचालन हेतु राज्य मुख्यालय द्वारा रंजिता राज (डी.ओ.सी. – गाइड, सक्ति) एवं हीना भोसले (डी.ओ.सी. – गाइड, धमतरी) को सहायक के रूप में नियुक्त किया गया था।
शिविरार्थियों ने ऐतिहासिक नगरी सिरपुर में स्थित लक्ष्मण मंदिर, गंधेश्वर मंदिर, सुरंग टीला, आनंद प्रभु कुटीर एवं सिरपुर संग्रहालय सहित अन्य पुरातात्विक स्थलों का भ्रमण कर छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अवलोकन किया। प्रत्येक रात्रि आयोजित शिविर ज्वाल कार्यक्रम में विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने प्रतिभागियों को भावविभोर किया और राष्ट्रीय एकता एवं सांस्कृतिक विविधता का संदेश दिया। तीन दिवसीय इस लर्निंगफुल शिविर में सभी प्रतिभागियों ने मित्रता, सहयोग, प्रकृति संरक्षण एवं एकता का परिचय देते हुए राज्य मुख्यालय, जिला संघ एवं स्थानीय संघ के प्रति आभार व्यक्त किया।