सहकारिता क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव : देश को मिलेगी पहली सहकारी बीमा कंपनी — अमित शाह

हर पंचायत में खुलेंगी दो लाख नई PACS, 22 गतिविधियों में करेंगी कार्य, किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया संबल

YC न्यूज़ डेस्क। सहकारिता मंत्रालय ने देशभर में सहकारी आंदोलन को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कई बड़े निर्णय लिए हैं। केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने घोषणा की कि केंद्र सरकार एक “सहकारी बीमा कंपनी (Cooperative Insurance Company)” की स्थापना करने जा रही है, जो विशेष रूप से सहकारी संस्थाओं के लिए बीमा सेवाएं उपलब्ध कराएगी। यह बीमा कंपनी सहकारी क्षेत्र की विशिष्ट आवश्यकताओं के अनुरूप बीमा समाधान प्रदान करेगी और जोखिम प्रबंधन को बेहतर बनाते हुए वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। इसके माध्यम से देश के लाखों सहकारी संगठनों को बीमा कवर मिलेगा, जिससे उन्हें आकस्मिक संकटों से बचाव और पूंजीगत सुरक्षा में मदद मिलेगी।


हर पंचायत तक पहुंचेगी सहकारिता : दो लाख नई PACS होंगी स्थापित

सहकारिता मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि केंद्र सरकार हर पंचायत में दो लाख नई प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां (PACS) स्थापित करेगी। ये PACS पारंपरिक कृषि ऋण वितरण के साथ-साथ अब 22 बहुआयामी सेवाओं का संचालन करेंगी। इनमें पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, जल योजना का रखरखाव, रेलवे व हवाई टिकट बुकिंग जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। नई पीएसीएस ग्रामीण क्षेत्रों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और विभिन्न सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने की दिशा में अहम भूमिका निभाएंगी।


अगस्त में स्थापित होगा त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय

सहकारिता आंदोलन को शैक्षणिक और शोध क्षेत्र में विस्तार देने के लिए त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा भी की गई है, जो राष्ट्रीय स्तर पर कार्य करेगा। इसका शिलान्यास अगस्त माह तक प्रस्तावित है। साथ ही, सहकारी संस्थाओं का एक सेंट्रल डाटाबेस भी विकसित किया गया है, जिसे राज्य रजिस्ट्रार स्तर पर भी उपयोग में लाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *