भिलाई/दुर्ग। आपातकाल की 50वीं बरसी के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस के खिलाफ राज्यभर में मोर्चा खोल दिया है। भिलाई में पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे और दुर्ग में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने प्रेस वार्ता कर 1975 के आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए कांग्रेस की तीखी आलोचना की। सरोज पांडे ने कहा कि 25 जून 1975 की रात को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने लोकतंत्र की हत्या करते हुए देश पर आपातकाल थोपा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान कार्यपालिका, न्यायपालिका और विधायिका को कमजोर कर दिया गया था और देश की खुफिया एजेंसी RAW का दुरुपयोग कर नागरिकों की जासूसी करवाई गई। उन्होंने जबरन नसबंदी अभियान की आलोचना करते हुए कहा कि इस निर्णय से हजारों परिवार उजड़ गए, लेकिन पीड़ितों को न्याय नहीं मिला। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार ने मुआवजा तक रोक दिया था, जिसे भाजपा सरकार ने पुनः शुरू कराया।
इसी क्रम में दुर्ग में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि, “25 जून 1975 को इंदिरा गांधी ने लोकतंत्र का गला घोंटा था। कांग्रेस को आज लोकतंत्र पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। साहू ने कांग्रेस पर संविधान से छेड़छाड़ करने, राज्यों में बार-बार राष्ट्रपति शासन लगाने और सत्ता के लिए लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तोड़ने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को डर, दमन और सेंसरशिप के दौर में झोंक दिया था, जिसकी पीड़ा आज भी लोकतंत्र प्रेमी नहीं भूले हैं।