दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप यादव के नेतृत्व में राजस्व विभाग के लिपिकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के निराकरण को लेकर कलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार और कर्मचारियों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में छत्तीसगढ़ शासन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर के पत्र क्रमांक ESTB-1027-2165-2025 (दिनांक 30 अक्टूबर 2025) तथा छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के पत्र क्रमांक 706 (दिनांक 23 सितंबर 2025) का उल्लेख करते हुए संबंधित निर्देशों के पालन पर जोर दिया गया।
कर्मचारी संघ ने मांग की है कि प्रत्येक वर्ष अप्रैल माह तक वरिष्ठता सूची का प्रकाशन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही पदोन्नति से जुड़े प्रकरणों को समय-सीमा में विभागीय पदोन्नति समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति का लाभ मिल सके।
इसके अलावा, सभी कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं (सर्विस बुक) को अद्यतन रखने तथा कर्मचारी हितों से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा करने की भी मांग उठाई गई है। संघ का कहना है कि इन बिंदुओं के क्रियान्वयन से प्रशासनिक पारदर्शिता और कार्यकुशलता में वृद्धि होगी।
उल्लेखनीय है कि इन मुद्दों को लेकर जिला स्तरीय संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक 19 दिसंबर 2025 को भी आयोजित की जा चुकी है, जिसमें कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा हुई थी। कर्मचारी संघ ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन इन मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक पहल करेगा, जिससे कर्मचारियों को राहत मिल सके।