गातापार प्राथमिक शाला में धूमधाम से मनाया गया प्रवेश उत्सव, नन्हे बच्चों का हुआ भव्य स्वागत

गुलाल, पुष्पवर्षा और गणवेश-पुस्तक वितरण से गूंजा विद्यालय परिसर, मेधावी विद्यार्थियों का भी हुआ सम्मान
जामगांव (आर)। शासकीय प्राथमिक शाला गातापार में सोमवार को प्रवेश उत्सव का आयोजन बड़े उत्साह, उल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुई, जहां विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने ज्ञान की देवी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर कक्षा पहली में प्रवेश लेने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों का गुलाल लगाकर एवं पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। नए स्कूल में प्रवेश को लेकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों को निःशुल्क गणवेश एवं पाठ्य-पुस्तकों का वितरण भी किया गया, जिससे बच्चों और अभिभावकों में विशेष प्रसन्नता देखी गई।

विद्यालय में शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। कक्षा पांचवीं में अध्ययनरत कुमारी सिमरन ने 94.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। तीरथ कुमार ने 91.50 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा खुमीता ने 90.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
मेधावी विद्यार्थियों के पालकों द्वारा इस अवसर पर न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें खीर, पूड़ी और बड़ा परोसा गया। उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण कर आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष केशवराम ठाकुर, सरपंच रेवाराम साहू, उपाध्यक्ष तालसिंह साहू, सांसद प्रतिनिधि टेसराम साहू, गोदावरी यादव, गंगेश्वरी निर्मलकर, सेवती साहू, मीना साहू, तामेश्वरी साहू, मोतिम साहू, पुनीतराम साहू, खम्हन, हेमचंद साहू, रसोइया अंबिका साहू, देवेंद्र कुमार साहू, प्रधान पाठक भुनेश्वरी नेताम, सहायक शिक्षक झामन लाल सोनवानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *