रायपुर में NFSU कैंपस और हाईटेक फोरेंसिक लैब का शिलान्यास, अमित शाह बोले- न्याय प्रक्रिया होगी तेज

रायपुर । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को रायपुर में नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) के नए कैंपस और छत्तीसगढ़ की सबसे हाईटेक फोरेंसिक लैब का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा,उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।

गृहमंत्री शाह ने कहा कि फोरेंसिक साइंस की भूमिका आधुनिक आपराधिक जांच प्रणाली में अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। “NFSU से वैज्ञानिक और तकनीकी विशेषज्ञ तैयार होंगे, जिससे जांच प्रक्रिया तेज होगी और कोर्ट जल्दी निर्णय ले सकेंगे,” उन्होंने कहा। शाह ने यह भी बताया कि रिपोर्ट में देरी के कारण कई निर्दोष आरोपियों को जेल में रहना पड़ता है, जिसे अब रोका जा सकेगा।

फोरेंसिक एजुकेशन का नया केंद्र बनेगा रायपुर
गुजरात के बाद अब रायपुर में NFSU का कैंपस देशभर के छात्रों के लिए फोरेंसिक साइंस, साइबर सिक्योरिटी, फोरेंसिक मनोविज्ञान, पुलिस साइंस और डिजिटल फोरेंसिक जैसे कोर्स की शुरुआत करेगा। इससे छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्यों के युवाओं को इस क्षेत्र में शिक्षा और करियर के नए अवसर मिलेंगे।

नक्सल ऑपरेशन पर उच्चस्तरीय समीक्षा
शिलान्यास के बाद अमित शाह ने नवा रायपुर स्थित एक होटल में छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के DGP और ADGP रैंक के अधिकारियों के साथ सुरक्षा पर उच्चस्तरीय बैठक की। शाम को 6:30 से 8 बजे तक नक्सल ऑपरेशन पर विशेष समीक्षा बैठक हुई जिसमें ऑपरेशनों की वर्तमान स्थिति, अंतरराज्यीय समन्वय, खुफिया नेटवर्क और अत्याधुनिक तकनीक के उपयोग पर चर्चा की गई।

शाह का स्वागत हुआ गर्मजोशी से
रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय गृहमंत्री का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव सहित अन्य नेता भी उपस्थित रहे।

प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने क्या कहा?
गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि “फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी की स्थापना से छत्तीसगढ़ को मैनपावर और तकनीकी विशेषज्ञता मिलेगी। हमारे युवाओं को न केवल पढ़ाई बल्कि नौकरी के नए अवसर भी मिलेंगे।”

23 जून का कार्यक्रम:
अगले दिन शाह अबूझमाड़ क्षेत्र में ग्रामीणों से मुलाकात करेंगे और BSF जवानों के साथ लंच कर नक्सल अभियान की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

संभावित कोर्स:
NFSU रायपुर में अंडरग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट और डिप्लोमा कोर्स शुरू होंगे, जिनमें प्रमुख हैं:

  • फोरेंसिक साइंस
  • साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल फोरेंसिक
  • फोरेंसिक मनोविज्ञान
  • पुलिस साइंस
  • लॉ, फारेंसिक जस्टिस और पॉलिसी स्टडीज

लाभ:

  • जांच रिपोर्ट जल्दी उपलब्ध होगी
  • लंबित मामलों की संख्या घटेगी
  • आरोपियों की जल्द पहचान संभव
  • साइबर अपराधों की जांच में मदद
  • न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति

यह यूनिवर्सिटी छत्तीसगढ़ को तकनीकी और न्यायिक क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *