
पाटन। जनपद पंचायत पाटन की सामान्य सभा की बैठक में क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक ने शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रीमती नायक ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए जनपद सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को सदन में प्रमुखता से रखने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों में समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई।
स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति को मिलेगा स्थायी सम्मान
बैठक के दौरान जनपद अध्यक्ष श्रीमत नायक ने पाटन विकासखंड के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा को चिरस्थायी सम्मान देने के उद्देश्य से ग्राम बटंग में ‘पाटन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गौरव वाटिका’ के निर्माण का महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव के अनुसार ग्राम बटंग में वाटिका के लिए उपयुक्त स्थल का निरीक्षण एवं चयन किया जाएगा। साथ ही जिला कलेक्टर कार्यालय से पाटन विकासखंड के समस्त स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रमाणित नामावली प्राप्त की जाएगी। प्रस्तावित गौरव वाटिका में स्वतंत्रता सेनानियों के नाम और उनके योगदान को सम्मानपूर्वक अंकित करने की परिकल्पना की गई है।
श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि “यह केवल एक वाटिका का निर्माण नहीं, बल्कि पाटन की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प है। हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का त्याग और बलिदान सदैव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।”