
दुर्ग/धमतरी, 1 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह एक साथ दुर्ग और धमतरी में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। केंद्रीय जांच एजेंसी की टीमें दोनों जिलों में दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बल भी तैनात रहे। दुर्ग के सिकोला भाठा स्थित बंगाली कॉलोनी में ED की टीम ने पटवारी संघ के पूर्व प्रांतीय पदाधिकारी कमलेश राजपूत के आवास पर दबिश दी। जानकारी के अनुसार, अधिकारी दो वाहनों से सुबह उनके निवास पहुंचे और घर के भीतर जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि टीम दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड खंगाल रही है। हालांकि, अभी तक ED की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कार्रवाई किस विशेष मामले या जांच के सिलसिले में की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, कमलेश राजपूत के परिवार के कई सदस्य प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े हैं। इनमें दो पटवारी, एक उपपंजीयक और एक नायब तहसीलदार के पद पर बताए जा रहे हैं। परिवार से जुड़े प्रशासनिक पदों के चलते ED की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं।
धमतरी में पूर्व नगर निगम उपायुक्त के आवास पर भी कार्रवाई
इधर, धमतरी में भी ED की टीम ने अमलतास पुरम स्थित एक किराए के मकान में दबिश दी। यहां नगर निगम के पूर्व उपायुक्त पंकज शर्मा के आवास पर जांच की जा रही है। करीब छह सदस्यीय टीम के साथ सुरक्षा बल भी मौजूद रहा। पंकज शर्मा पूर्व में कांग्रेस शासनकाल के दौरान धमतरी नगर निगम में उपायुक्त के पद पर पदस्थ रहे हैं। वर्तमान में उनकी पदस्थापना रायपुर में बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, वे करीब दो महीने से अमलतास पुरम स्थित किराए के मकान में रह रहे हैं।
कार्रवाई के कारण पर आधिकारिक जानकारी का इंतजार
दुर्ग और धमतरी में एक ही सुबह ED की अलग-अलग कार्रवाई से प्रदेश में हलचल बढ़ गई है। दोनों स्थानों पर जांच जारी है। फिलहाल जांच एजेंसी की ओर से कार्रवाई के कारण, मामले की प्रकृति या जांच के दायरे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने और ED की ओर से आधिकारिक जानकारी जारी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों कार्रवाई किन मामलों से संबंधित हैं और जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं