“जनता के द्वार पहुंची सरकार : सीएम विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के समापन पर साझा किए अनुभव ,कहा-5000 शिक्षकों की भर्ती होगी

धमतरी । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को धमतरी में 54 दिवसीय ‘सुशासन तिहार’ के समापन अवसर पर सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्ट साझा करते हुए इस अभियान के अनुभवों को प्रदेशवासियों से साझा किया।

8 अप्रैल से प्रारंभ हुए इस विशेष अभियान के तहत मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश के 33 जिलों का दौरा किया। गांव-गांव में जन चौपालों के माध्यम से सीधे जनता से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। जिला मुख्यालयों में समीक्षा बैठकें कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

सीएम साय ने लिखा, “यह अनुभव मेरे जीवन की मूल्यवान थाती है। हमारी सरकार का निरंतर प्रयास रहा है कि जनता को योजनाओं का पूरा लाभ मिले और हमारी नीतियां जमीन पर दिखें।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान उन्होंने स्कूलों, अस्पतालों, आंगनबाड़ियों, राशन दुकानों, पीएम आवासों और निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने लिखा कि इन निरीक्षणों से यह स्पष्ट हुआ कि सरकारी योजनाएं किस प्रकार आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं।

साय ने कहा कि इस अभियान में मिले अमूल्य सुझावों से शासन को और अधिक उत्तरदायी, पारदर्शी और संवेदनशील बनाने की दिशा में बल मिलेगा।

इस दौरान सरकार ने स्कूलों के युक्तियुक्तकरण जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिससे शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त 5000 शिक्षकों की चरणबद्ध भर्ती की घोषणा भी इस अवसर पर की गई।

सीएम साय ने यह भी स्पष्ट किया कि यह यात्रा यहीं समाप्त नहीं होती। उन्होंने कहा, “सुशासन तिहार के माध्यम से हम सरकार को जनता के द्वार तक लेकर गए। इससे लोगों का यह विश्वास और दृढ़ हुआ है कि उनकी सरकार प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए सतत कार्यरत है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *