तुलसीदास जयंती महाकुंभ 2025 का भव्य समापन-तहसील मानस संघ की अगुवाई में केसरा में श्रद्धा, संस्कृति और सम्मान का अद्वितीय संगम…

पाटन। तहसील मानस संघ पाटन के तत्वावधान में आयोजित श्री तुलसीदास जयंती एवं सम्मान समारोह 2025 का आयोजन ग्राम केसरा में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। यह समारोह न केवल तुलसी साहित्य और मानस परंपरा को समर्पित था, बल्कि इसमें प्रतिभावान कलाकारों, विद्वानों और मानस सेवकों को भी गौरवपूर्ण सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ तहसील मानस संघ पाटन के अध्यक्ष टीकाराम साहू, ग्राम सरपंच ईश्वर निषाद और अन्य मानस वरिष्ठ जनों के करकमलों से हुआ। मांगलिक प्रारंभ केसरा मित्र मानस मंडली द्वारा तेजराम सिन्हा के नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन के दौरान विशेष अतिथि के रूप में अशोक साहू (पूर्व उपाध्यक्ष, जिला पंचायत दुर्ग), नोमीन ठाकुर (जिला पंचायत सदस्य), दिनेश साहू (जनपद सदस्य पाटन), सरपंच ईश्वर निषाद, उपसरपंच बसंत सिन्हा एवं रविंद्र दानी सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे, जिनका सम्मान समारोह समिति द्वारा आत्मीयता के साथ किया गया।

मानस प्रवचन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ बनीं आकर्षण का केंद्र
मुख्य मानस वक्ता के रूप में नीलकंठ ठाकुर गुरूजी (पूर्व अध्यक्ष, जिला मानस संघ दुर्ग) ने तुलसी जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उपासना महिला मानस मंडली करेला की लेखनी वर्मा ने रत्नावली प्रसंग को भावपूर्ण गीतों के माध्यम से प्रस्तुत किया, जबकि नवतुलसी मानस मंडली अमलेश्वर के पिलाराम शर्मा और उमाशंकर शुक्ला ने अपनी विशिष्ट शैली से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अलंकरण और सम्मान समारोह में बिखरी गौरव की छटा
तहसील मानस संघ के मीडिया प्रभारी पुनेश्वर साहू ने बताया कि इस वर्ष संघ द्वारा तुलसीदास अलंकरण से वरिष्ठ मानसविदों को सम्मानित किया गया। व्याख्या पक्ष से: श्री रामनारायण वर्मा, श्री वेदाराम साहू, श्री ढालसिंग चंद्राकर, श्री कामता साहू संगीत पक्ष से: श्री नंदकुमार भोपालमनी वर्मा, श्री जगदीश वर्मा युवा प्रतिभाओं को “मानस मयंक सम्मान” से नवाज़ा गया, जिनमें मनीष वर्मा, आर्यन देवागन, अनिल यदु, पुष्कर दावना, शीतल सोनकर और लीना मानिकपुरी शामिल रहे। “मानस पथिक सम्मान” से श्री परमानंद साहू, भेल चंद्राकर, सनत साहू, दामन पटेल, गिरधारी साहू, और योगेश ठाकुर को सम्मानित किया गया। साथ ही आयोजन से जुड़े परिवारों और मंडलियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

अतिथियों ने आयोजन को सराहा-
समापन अवसर पर जनपद अध्यक्ष पाटन कीर्ति नायक, जिला मानस संघ अध्यक्ष मेहत्तर वर्मा, गजानंद सिन्हा, हिरा राम सिन्हा सहित अनेक विशिष्टजन उपस्थित रहे। अध्यक्ष श्री वर्मा ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए तहसील मानस संघ को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

अंतिम प्रस्तुति में गूँजी महाभारत की गाथा
कार्यक्रम के समापन पर पंडवानी गायक अंतर्राष्ट्रीय कलाकार चेतन देवांगन ने महाभारत की अत्यंत प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसने समस्त श्रोताओं को भक्तिरस में डुबो दिया। कार्यक्रम का संचालन थानु राम देवांगन, मुरली वैष्णव, भेल चंद्राकर और हितेंद्र साहू ने किया। कार्यक्रम में 6 शक्ति केंद्रों से जुड़े अनेक पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे, जिन्होंने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *