रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर नवा रायपुर में एक नई पहचान के रूप में उभर रहा है – भव्य और अत्याधुनिक नवीन विधानसभा भवन। इस ऐतिहासिक भवन का लोकार्पण आगामी 1 नवम्बर को राज्योत्सव के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित है। रविवार को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य की समय-सीमा में पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नवीन विधानसभा भवन लगभग 52 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है और इसमें तीन प्रमुख विंग बनाए गए हैं। यहां एक साथ 700 गाड़ियों की पार्किंग की सुविधा होगी, जो राज्य के तेजी से बढ़ते प्रशासनिक और विधायी जरूरतों को पूरा करेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह केवल एक इमारत नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के लोकतांत्रिक और विकासशील चेहरे का प्रतीक है। रजत जयंती वर्ष के मौके पर यह भवन प्रदेशवासियों को समर्पित किया जाना गौरव की बात है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य हर हाल में सितंबर 2025 तक पूर्ण कर लिया जाए।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि विधानसभा सत्र कक्ष, अध्यक्ष कक्ष, मुख्यमंत्री कार्यालय सहित सभी प्रमुख विभागों का निर्माण अब अंतिम चरण में है। भवन में आधुनिक तकनीकी सुविधाओं, ऊर्जा संरक्षण और ग्रीन बिल्डिंग मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है। उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि यह भवन आने वाली पीढ़ियों को एक प्रेरक संदेश देगा कि कैसे परंपरा और आधुनिकता का संतुलन बनाकर छत्तीसगढ़ आगे बढ़ रहा है। भवन के लोकार्पण के बाद आगामी विधानसभा सत्र यहीं आयोजित किए जाने की योजना है, जिससे पुरानी व्यवस्था से एक सशक्त संक्रमण सुनिश्चित होगा।
भव्यता की नई परिभाषा बनेगी विधानसभा
कुल 52 एकड़ में बना परिसर
भवन में तीन प्रमुख विंग्स (सदन, प्रशासनिक, और सभा-कक्ष)
एक साथ 700 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था
भूकंपरोधी तकनीक, उच्च सुरक्षा मानक, हरित भवन मानकों पर आधारित
सदन, सीएम कक्ष, अध्यक्ष कक्ष, कैफेटेरिया, मीडिया गैलरी समेत सभी अत्याधुनिक सुविधाएं
क्या होगा खास इस विधानसभा में?
डिजिटलीकरण पर जोर: ई-फाइलिंग, ई-वोटिंग
पत्रकारों और आगंतुकों के लिए विशेष लॉबी
सोलर एनर्जी आधारित सिस्टम
हर कोने में सीसीटीवी और सुरक्षा निगरानी