पण्डवानी भवन की मांग उठाने का निर्णय, दिवंगत पण्डवानी पुरोधाओं की स्मृति में होगा पण्डवानी मेला; 2027 में झाड़ूराम देवांगन की जन्मशताब्दी मनाने का प्रस्ताव पारित
पाटन। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला पण्डवानी के संरक्षण, संवर्धन और नई पीढ़ी तक इसके विस्तार के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ी पण्डवानी कला मंच के कलाकारों एवं गायक-गायिकाओं की महत्वपूर्ण बैठक ग्राम पाहन्दा में आयोजित हुई। बैठक में पण्डवानी कला को आगे बढ़ाने, नवोदित कलाकारों को प्रशिक्षण देने और दिवंगत पण्डवानी पुरोधाओं की स्मृति को जीवंत रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
इस अवसर पर पद्मभूषण स्वर्गीय तीजनबाई की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्य अलंकरण से सम्मानित चेतन देवांगन का कलाकारों ने सम्मान किया। कलाकारों ने राज्य शासन एवं संस्कृति विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पण्डवानी कला के विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
बैठक का प्रमुख आकर्षण ग्राम पाहन्दा में पण्डवानी प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ रहा। पद्मभूषण श्रीमती उषा बाई बारले के करकमलों से प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया। यहां नवोदित कलाकारों को पण्डवानी की पारंपरिक कापालिक एवं वेदमती दोनों शैलियों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए सप्ताह में तीन दिन नियमित प्रशिक्षण संचालित करने का निर्णय लिया गया। प्रशिक्षण केंद्र के संचालन एवं विस्तार के लिए ग्राम पाहन्दा में पण्डवानी भवन निर्माण की मांग शासन से करने पर भी सहमति बनी। बैठक में पण्डवानी कला के संरक्षण और संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पण्डवानी गायक, गायिका एवं कलाकार से प्रतिवर्ष 1000 रुपये सदस्यता शुल्क लेने का निर्णय लिया गया।
कलाकारों ने पण्डवानी के दिवंगत पुरोधाओं स्वर्गीय झाड़ूराम देवांगन, पूनाराम निषाद, श्रीमती तीजनबाई एवं लक्ष्मी बंजारे की स्मृति में पण्डवानी मेला आयोजित करने का प्रस्ताव भी पारित किया। इसके साथ ही पण्डवानी के महान पुरोधा स्वर्गीय झाड़ूराम देवांगन की वर्ष 2027 में होने वाली जन्मशताब्दी को विशेष रूप से मनाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत प्रदेश, जिला एवं ब्लॉक मुख्यालयों में पण्डवानी सम्मेलन आयोजित करने की योजना बनाई गई है। इस आयोजन एवं महोत्सव के लिए छत्तीसगढ़ शासन तथा संस्कृति विभाग से अनुदान राशि की मांग की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता पद्मभूषण श्रीमती उषा बाई बारले ने की तथा संचालन मंच के सचिव चेतन देवांगन ने किया। इस दौरान श्रीमती मीना बाई साहू, बिसौनी बाई, प्रभा यादव, रेणु साहू, रूही साहू, दुष्यंत कुमार, महेंद्र सिंह चौहान, फूल सिंह कन्नौजे, रोहित साहू, पुष्पा निषाद, अमरदास, अमृता साहू, द्रोपदी विश्वकर्मा, जागेश्वर साहू, मोहन वैष्णव, गणपत साहू, गिरजा साहू सहित बड़ी संख्या में पण्डवानी कलाकार उपस्थित रहे।