पटवारियों पर कार्रवाई और महंगाई भत्ते के मुद्दे पर कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का आक्रोश, पाटन के अधिकारी-कर्मचारी कल दुर्ग में निकालेंगे रैली

पाटन। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय आह्वान पर अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ब्लॉक इकाई पाटन से जुड़े समस्त कर्मचारी एवं अधिकारी 18 नवंबर को दुर्ग में आयोजित जिला स्तरीय आक्रोश रैली में शामिल होंगे। फेडरेशन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आंदोलनरत पटवारियों के विरुद्ध की जा रही दमनात्मक एवं दंडात्मक कार्रवाई का विरोध तथा शासकीय कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देय तिथि से प्रदान करने और लंबित एरियर्स के भुगतान की मांग को लेकर यह रैली आयोजित की जा रही है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक दुर्ग स्थित साइंस कॉलेज के पास निर्धारित धरना स्थल पर कर्मचारी-अधिकारी एकत्रित होंगे। यहां से आक्रोश रैली के माध्यम से अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की जाएगी। इसके पश्चात मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन के नाम कलेक्टर अथवा अनुविभागीय अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा। फेडरेशन ब्लॉक इकाई पाटन के ब्लॉक संयोजक महेन्द्र कुमार साहू ने पाटन ब्लॉक के समस्त कर्मचारी-अधिकारियों से जिला स्तरीय आंदोलन में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *