
दुर्ग। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग के मुख्यालय सभा भवन में 14 सितंबर को सहकारी जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों की बैठक बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा जिले की सहकारी समितियों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित करने का निर्णय लिया गया। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में ‘सहकारिता के दीप’ प्रज्ज्वलित कर की जाएगी। बैंक कार्यक्षेत्र की प्रत्येक सहकारी समिति में शाम 7 बजे 101 दीप जलाए जाएंगे। समिति के प्राधिकृत अधिकारी कार्यक्रम का आयोजन करेंगे तथा समिति क्षेत्र के कृषक सदस्यों को आमंत्रित कर उनका तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को आगे बढ़ाने का अभियान है। ‘आशीर्वाद के दीप’ और ‘सहकारिता के दीप’ केवल दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसानों और ग्रामीण समाज के साथ सहकारिता के रिश्ते को और मजबूत करने का संकल्प है। 17 सितंबर को दुर्ग, बालोद और बेमेतरा की प्रत्येक सहकारी समिति में 101 दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। हमारा प्रयास रहेगा कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से सहकारी समितियां किसानों के बीच सक्रिय संवाद का केंद्र बनें और उन्हें शासन की योजनाओं, सहकारिता की सुविधाओं तथा किसान हितकारी गतिविधियों से अधिक से अधिक जोड़ा जाए। सहकारिता का मूल मंत्र ही सेवा, सहयोग और सहभागिता है और इसी भावना के साथ यह अभियान गांव-गांव तक पहुंचेगा।
बैठक में उपाध्यक्ष नरेश यदु, संयुक्त आयुक्त सहकारिता मुकेश ध्रुव, पूर्व संचालक लखनलाल गुरुपंच, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस.के. वर्मा, प्रदेश संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ संजीव तिवारी, संभाग संयोजक जयनारायण बस्तरिया सहित दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा जिले के सहकारी एवं किसान मोर्चा से जुड़े पदाधिकारी, समिति प्रतिनिधि तथा बैंक अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अभियान के आयोजन, समितियों में कार्यक्रम की रूपरेखा तथा अधिक से अधिक कृषक सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।