
जामगांव आर । भारतीय सैन्य ऑपरेशन सिंदूर की शानदार सफलता के बाद छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही है । इसी क्रम में पाटन ब्लॉक के विभिन्न पंचायतों में भी जनसहभागिता के साथ तिरंगा यात्राएं आयोजित की गईं। दक्षिण पाटन के ग्राम पंचायत बेल्हारी में भी शनिवार को भारतीय सैनिकों के सम्मान में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा पंचायत भवन से प्रारंभ होकर शिवाजी चौक होते हुए “जय जवान जय किसान” चौक तक पहुंची। यात्रा के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भारत माता की जय और वंदेमातरम जैसे गगनभेदी नारों से वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
हमर बेल्हारी चौक पर उपस्थित ग्रामीणों ने देश की सेवा में समर्पित जवानों के प्रति आदर व्यक्त करते हुए महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर आदरांजलि दी,इसके साथ ही पूजा-अर्चना कर वीरों को नमन किया गया। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया गया ।
मौके पर सरपंच अमित अग्रवाल ने कहा कि हमारे वीर सैनिकों ने जिस साहस और समर्पण से आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर को सफल बनाया, वह देश के हर नागरिक को गौरवान्वित करता है। उपसरपंच मनीष चंद्राकर ने अपने वक्तव्य में कहा, देश की एकता और अखंडता के लिए हमारे जवानों का बलिदान अमूल्य है। आज की यात्रा हमें यह याद दिलाती है कि देशभक्ति केवल भावना नहीं, एक कर्तव्य है जिसे हमें अपने आचरण में उतारना चाहिए। पंचायत सचिव कामता पटेल ने कहा तिरंगा यात्रा के माध्यम से हम भारत की जाबाज सेना के प्रति आभार प्रकट कर रहे हैं। भाजपा बूथ अध्यक्ष रामसिंह बंसोड़ ने कहा पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्यवाही कर रहा है। ऑपरेशन सिंदूर उसकी मिसाल है।
इस दौरान कामता पटेल,जितेंद्र धनकर,कुंदन सिन्हा, उत्तम रिगरी,जागेन्द्र,अमृता कुर्रे,कुंती बंजारे,आरती देवांगन,सीमा धनकर,चंदा बाई,निर्मला साहू, तनुजा, संतोषी सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।