धमतरी। छत्तीसगढ़ के गंगरेल बांध से कथित तौर पर लापता हुआ युवक हेमंत चंद्रवंशी 12 दिन बाद दिल्ली में सकुशल मिला है। पुलिस और गोताखोरों की कई दिन की मशक्कत के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तब मोबाइल कॉल डिटेल्स ने पूरा मामला उजागर किया।
30 वर्षीय हेमंत चंद्रवंशी, जो कवर्धा का निवासी है, 24 मई को अपने कर्मचारी के साथ गंगरेल आया था और एक रिसॉर्ट में ठहरा था। 25 मई को वह अंगारमोती के पीछे नहाने गया और वहीं से अचानक गायब हो गया। उसने जानबूझकर अपने कपड़े, चप्पल और मोबाइल बांध के किनारे छोड़ दिए थे ताकि यह प्रतीत हो कि वह पानी में डूब गया है।
कर्मचारी के लौटने पर जब हेमंत नहीं मिला, तो उसने तुरंत रुद्री थाने में सूचना दी। पुलिस ने गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम के साथ 5 दिनों तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। मामला तब मोड़ा जब पुलिस को जानकारी मिली कि हेमंत के पास एक और मोबाइल नंबर है। उस नंबर की कॉल डिटेल्स और लोकेशन खंगालने पर पता चला कि हेमंत दिल्ली में है।
12 दिन बाद हेमंत ने खुद अपने परिजनों से संपर्क किया और बताया कि वह कर्ज के कारण मानसिक तनाव में था, इसलिए उसने बांध में डूबने का नाटक रचा और दिल्ली भाग गया। पुलिस ने उसे दिल्ली से बरामद कर रुद्री थाना लाया है, जहां उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह का कृत्य—aफर्जी सूचना देकर पुलिस और आपदा राहत दल को गुमराह करना—गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। हेमंत के खिलाफ IPC की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा सकती है।
यह घटना न सिर्फ पुलिस बल की मेहनत को व्यर्थ करने वाली है, बल्कि आपातकालीन संसाधनों की बर्बादी का भी उदाहरण है। फिलहाल, पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।