रायपुर । देशभर की तरह छत्तीसगढ़ में भी विजयादशमी पर्व गुरुवार को पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। राजधानी रायपुर के WRS कॉलोनी मैदान में 101 फीट ऊंचे रावण का भव्य दहन हुआ। इस अवसर पर राज्यपाल रामेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मौजूद रहे। दहन के बाद आसमान रंग-बिरंगी आतिशबाजी से चमक उठा। दुर्ग-भिलाई में इस बार 98 स्थानों पर रावण दहन हुआ, जिनमें 21 बड़े कार्यक्रम प्रमुख रहे। सुरक्षा के मद्देनजर 600 जवानों की तैनाती की गई थी। भिलाई में भगवान राम रथ पर सवार होकर दशहरा मैदान पहुंचे, जहां हज़ारों की भीड़ उमड़ी। वहीं रायगढ़ के नटवर हाई स्कूल मैदान में प्रदेश का सबसे बड़ा 57 फीट का रावण जलाया गया।
बिलासपुर में पुलिस ग्राउंड, रेलवे मैदान, नूतन चौक और साइंस कॉलेज समेत 10 से अधिक स्थानों पर 60 से 100 फीट ऊंचे रावण पुतले बनाए गए। इस मौके पर धूमधाम के बीच भव्य आतिशबाजी भी हुई। राजनांदगांव में बॉलीवुड सिंगर असीस कौर ने अपनी प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया। यहां विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
हालांकि प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश ने आयोजकों की परीक्षा ली। कोंडागांव, अंबिकापुर, जांजगीर-चांपा और गरियाबंद में भीगी ज़मीन और बरसते आसमान के बीच रावण दहन किया गया। कई जगहों पर पुतलों को जलाने में आयोजकों को मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन लोगों का जोश बारिश के आगे कम नहीं हुआ।
रायपुर के भाठागांव और रावणभाठा मैदान में भी हजारों की भीड़ उमड़ी। बारिश से बचाने के लिए रावण पुतलों पर वाटरप्रूफिंग की गई थी।भिलाई 3 में सांसद विजय बघेल, चरोदा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल,वहीं भिलाई के शांति नगर दशहरा मैदान में पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू शामिल हुए। इस तरह प्रदेश भर में विजयादशमी पर्व ने धार्मिक आस्था, परंपरा और उत्सव की झलक पेश की। बारिश की चुनौतियों के बावजूद हजारों लोगों ने मिलकर अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक रावण दहन का साक्षी बने।