
पाटन। जिला साहू संघ दुर्ग के तत्वावधान में 25 अक्टूबर को जिला अध्यक्ष नंदलाल साहू के नेतृत्व में सामाजिक सद्भावना यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भावना को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक संस्कारों एवं समाज की नियमावली के प्रति लोगों को जागरूक करना है। यात्रा के दौरान विभिन्न परिक्षेत्रों में सामाजिक संवाद और परिचर्चा के माध्यम से समाज की एकजुटता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्रा दुर्ग से प्रारंभ होकर पाटन तहसील के पांचों परिक्षेत्रों के विभिन्न गांवों से होकर गुजरेगी। तहसील साहू संघ पाटन के अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने यात्रा का कार्यक्रम बताते हुए समाज के लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है।
सुबह 10 बजे सेलूद से होगी शुरुआत
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यात्रा सुबह 10 बजे अरसनारा परिक्षेत्र के ग्राम सेलूद पहुंचेगी। यहां समाज परिवार की ओर से पारिवारिक संस्कारों और समाज की नियमावली के संबंध में जानकारी दी जाएगी। इसके बाद सुबह 11 बजे यात्रा जामगांव आर परिक्षेत्र पहुंचेगी। यात्रा दोपहर 12:30 बजे बेल्हारी परिक्षेत्र के ग्राम आगेसरा पहुंचेगी, जहां वृंदा देवी के दर्शन किए जाएंगे। भोजन अवकाश के बाद दोपहर 2 बजे तेलीगुंडरा परिक्षेत्र के ग्राम कौही में भगवान भोलेनाथ के दर्शन होंगे। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे ठकुराइन टोला में भगवान के दर्शन कर समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की जाएगी। दोपहर 3:45 बजे यात्रा झीट परिक्षेत्र पहुंचेगी। यहां सामाजिक परिचर्चा के माध्यम से समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यात्रा का समापन शाम 5 बजे शिव मंदिर देवबलौदा में होगा।
समाज को संगठित करने पर जोर
जिला साहू संघ दुर्ग के अध्यक्ष नंदलाल साहू ने कहा कि सामाजिक सद्भावना यात्रा के माध्यम से समाज में जनजागरण लाने, सामाजिक संस्कारों को प्रोत्साहित करने तथा आपसी विश्वास और एकजुटता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। तहसील साहू संघ पाटन के अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने तहसील पदाधिकारियों, पांचों परिक्षेत्रों के पदाधिकारियों और सभी 99 इकाइयों के पदाधिकारियों से यात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।