
जामगांव आर। पाटन ब्लॉक के ग्राम बेल्हारी के युवा विनय साहू ने भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती में चयनित होकर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। सामान्य कृषक परिवार से आने वाले विनय साहू ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और देशसेवा के जज्बे के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।
विनय के पिता कीर्तन साहू खेती-किसानी से जुड़े हुए हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद विनय ने भारतीय सेना में भर्ती होने का सपना देखा और उसे साकार करने के लिए लगातार मेहनत की। उनकी लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है कि उनका चयन अग्निवीर के रूप में हुआ है। पुत्र के चयन की खबर मिलते ही परिवार में खुशी का माहौल छा गया। परिजनों ने इसे पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया। वहीं ग्राम बेल्हारी के वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और पंचायत प्रतिनिधियों ने भी विनय साहू को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
ग्रामीणों का कहना है कि विनय की सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनेगी। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। गांव के लोगों ने उम्मीद जताई है कि विनय साहू भारतीय सेना में अपनी सेवाओं के माध्यम से देश की रक्षा करते हुए क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगे।