
नियमितीकरण और वेतन वृद्धि जैसे मुद्दों पर होगी चर्चा
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश एन.एच.एम. कर्मचारी संघ द्वारा आज सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा रायपुर में प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन में प्रदेशभर से 18 हजार से अधिक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारी, अधिकारी एवं उनके परिवारजन शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai, विधानसभा अध्यक्ष Raman Singh, स्वास्थ्य मंत्री Shyam Bihari Jaiswal सहित राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होने के लिए आमंत्रित हैं।
संघ के अनुसार, एनएचएम कर्मचारी पिछले 21 वर्षों से प्रदेश के ग्रामीण, वनांचल एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान भी इन कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। महासम्मेलन में स्वास्थ्य सेवाओं के 21 वर्षों के सफर, कोविड काल की सेवाओं और भविष्य की स्वास्थ्य योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी और प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने बताया कि सम्मेलन में कर्मचारियों की वर्षों पुरानी लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इनमें नियमितीकरण, सुरक्षित भविष्य, अनुकंपा नियुक्ति, ग्रेड पे, स्थानांतरण नीति, नई मानव संसाधन नीति तथा वेतन वृद्धि जैसी मांगें शामिल हैं।
संघ का कहना है कि कर्मचारी लंबे समय से इन मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित करते आ रहे हैं। महासम्मेलन में स्वास्थ्य सेवाओं में कर्मचारियों की भूमिका, उपलब्धियों और भविष्य की रणनीति पर भी विस्तृत चर्चा होगी। छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ ने प्रदेशभर के सभी कर्मचारी एवं अधिकारी साथियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।