“माटी का लाल लौट रहा है”—24 साल देश सेवा के बाद घर लौट रहे सूबेदार इंदल आठे का गृह ग्राम बटरेल में होगा भव्य स्वागत

जामगांव आर । भारतीय सेना के सूबेदार इंदल आठे मातृभूमि की सेवा में लगभग 24 वर्षों का गौरवशाली कार्यकाल पूर्ण कर 2 अप्रैल को अपने गृह ग्राम बटरेल (तहसील पाटन, जिला दुर्ग) लौट रहे हैं। उनके आगमन को लेकर परिवार सहित ग्रामवासी अत्यंत उत्साहित हैं और भव्य स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदल आठे ने 25 सितंबर 2001 को भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का संकल्प लिया था। 31 मार्च 2026 को वे सेवानिवृत्त हुए। अपने लंबे सेवा काल में उन्होंने 24 वर्ष 6 माह 6 दिन तक मातृभूमि की निस्वार्थ सेवा की। सेवानिवृत्ति के बाद उनके गृह आगमन को लेकर ग्राम बटरेल में विशेष उत्साह का माहौल है। ग्रामवासियों एवं परिजनों द्वारा उनके सम्मान में भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

बताया गया कि सूबेदार इंदल आठे के छोटे भाई भेष आठे ने इस आयोजन की जानकारी साझा करते हुए परिवार की खुशी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस गौरवपूर्ण क्षण को साझा किया है। गांव के सरपंच प्रतिनिधि भेष आठे ने बताया कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि गांव का एक सपूत देश की सेवा कर सुरक्षित लौट रहा है। ग्रामीणों द्वारा उनके सम्मान में ऐतिहासिक स्वागत की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *