कोरबा | विशेष रिपोर्ट -शहर में चल रही पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा इन दिनों भक्ति से ज्यादा विवादों को लेकर सुर्खियों में है। कथा स्थल के बाहर दो पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ, जिसने पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, कथा में शामिल होने के साथ-साथ सोशल मीडिया रील बनाने और बाबा से मुलाकात की होड़ विवाद की मुख्य वजह बनी। कटघोरा स्थित अग्रसेन भवन में ठहरे बाबा से मिलने विश्व हिंदू परिषद से जुड़े नेता अमरजीत सिंह अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। इसी दौरान जमीन कारोबारी बसंत अग्रवाल के समर्थकों ने कथित रूप से मुलाकात को लेकर आपत्ति जताते हुए उन्हें रोक दिया।
देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप ले लिया और मामला धक्का-मुक्की से होते हुए हाथापाई तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए आयोजन स्थल का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
घटना की खबर तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिससे शहर में इस विवाद की चर्चा जोरों पर है। एक ओर जहां हजारों श्रद्धालु कथा में शामिल हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अमरजीत सिंह और बसंत अग्रवाल के बीच हुई इस भिड़ंत ने शहर का “हॉट टॉपिक” बना दिया है।
मामले को लेकर पुलिस भी सतर्क हो गई है। कटघोरा थाना प्रभारी डीएन तिवारी ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
धार्मिक आयोजन के बीच हुए इस विवाद ने यह साफ संकेत दिया है कि अब आस्था के मंच पर भी सोशल मीडिया की होड़ और रसूख की टकराहट हावी होती जा रही है।