
डॉ. तीजन बाई शासकीय हाई-हायर सेकेंडरी विद्यालय, गनियारी’ के नाम से जानी जाएगी शाला
रायपुर, 7 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्मविभूषण डॉ. तीजन बाई के सम्मान में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उनके गृहग्राम गनियारी स्थित शासकीय हाई-हायर सेकेंडरी स्कूल का नाम अब “डॉ. तीजन बाई शासकीय हाई-हायर सेकेंडरी विद्यालय, गनियारी” रखा जाएगा। सरकार ने इस फैसले को प्रदेश की महान लोककलाकार के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि यह केवल विद्यालय का नाम बदलने का निर्णय नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और कला परंपरा को सम्मान देने की एक सार्थक पहल है।
उन्होंने कहा कि डॉ. तीजन बाई का संघर्ष, समर्पण और लोककला के प्रति उनका अद्वितीय योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। विद्यालय का नाम उनके नाम पर होने से विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा तथा उनमें अपनी संस्कृति के प्रति गर्व की भावना विकसित होगी।
राज्य सरकार का मानना है कि इस निर्णय से छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी। उल्लेखनीय है कि डॉ. तीजन बाई ने पंडवानी गायन को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान दिलाई। उनके सम्मान में लिया गया यह निर्णय प्रदेश के सांस्कृतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।