
छात्रावास, कैंसर इंस्टीट्यूट विस्तार और आवासीय परिसर से मरीजों, विद्यार्थियों व डॉक्टरों को मिलेगा लाभ
रायपुर, 7 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में 103 करोड़ रुपये से अधिक लागत की स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि “स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करेगा” और राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
इस अवसर पर 200 सीटर आधुनिक छात्र-छात्रावास, कैंसर भवन के विस्तार तथा चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर सहित कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार मेडिकल कॉलेज दौरे के दौरान विद्यार्थियों ने छात्रावास निर्माण की मांग रखी थी, जिसे सरकार ने गंभीरता से लेते हुए अब पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। केंद्र सरकार के सहयोग से स्वास्थ्य क्षेत्र में नई परियोजनाएं शुरू हो रही हैं और भविष्य में राज्य को अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की भी सौगात मिलने की उम्मीद है। उन्होंने मेडिकल विद्यार्थियों से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में भी सेवाएं देने का आह्वान किया।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि लगभग 104 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं से चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को समय सीमा से पहले और उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि राज्य में पांच नए मेडिकल कॉलेजों की स्वीकृति, नर्सिंग एवं फिजियोथेरेपी कॉलेजों का विस्तार तथा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 100 बिस्तरों वाले योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर का निर्माण भी तेजी से जारी है।
परियोजनाओं के तहत बनने वाले 200 सीटर छात्रावास में विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं कैंसर भवन का द्वितीय से छठे तल तक विस्तार किया जाएगा, जिसमें आधुनिक लैब, 64-64 बिस्तरों वाले वार्ड, आईसीयू और अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर विकसित किए जाएंगे। छात्राओं के छात्रावास का भी विस्तार कर अतिरिक्त कमरे, डॉरमेट्री, लाइब्रेरी और रिक्रिएशन हॉल जैसी सुविधाएं जोड़ी जाएंगी। कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, सीजीएमएससी के चेयरमैन दीपक म्हस्के, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, चिकित्सा शिक्षा आयुक्त रितेश अग्रवाल, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी, अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर सहित जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, मेडिकल विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।