भिलाई। 69वीं राष्ट्रीय शालेय खेलकूद स्पर्धा के अंतर्गत भिलाई में अंडर-14 बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया जा रहा है। स्पर्धा के दूसरे दिन लीग राउंड के मुकाबलों में खिलाड़ियों का जबरदस्त जोश और दमखम देखने को मिला। बुधवार को दोनों पालियों में कुल 27 मैच खेले गए, जिसमें प्रत्येक टीम ने दो-दो मुकाबलों में हिस्सा लिया। मैचों का आयोजन बीएनएस सेक्टर-8 स्थित दो मैदानों तथा राजेश पटेल स्टेडियम, सेक्टर-2 के एक मैदान में किया गया। देश के विभिन्न राज्यों और संस्थाओं की टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।
दिन के पहले मुकाबले में मध्यप्रदेश ने आंध्रप्रदेश को 51-30 अंकों से पराजित किया। दूसरे मैच में छत्तीसगढ़ और पुदुचेरी आमने-सामने थे, जहां छत्तीसगढ़ ने शानदार खेल दिखाते हुए पुदुचेरी को एकतरफा मुकाबले में 72-27 से हराया। तीसरे मैच में जम्मू-कश्मीर ने पुदुचेरी को 71-27 अंकों से शिकस्त दी। तेलंगाना और मध्यप्रदेश के बीच हुए मुकाबले में तेलंगाना ने 49-42 से जीत दर्ज की। केरल और छत्तीसगढ़ के बीच खेला गया मुकाबला भी एकतरफा रहा, जिसमें छत्तीसगढ़ ने केरल को 63-17 से पराजित किया। वहीं जम्मू-कश्मीर और केरल के बीच मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें केरल ने मात्र 2 अंकों से जीत हासिल की।
अन्य मुकाबलों में महाराष्ट्र ने दिल्ली को 45-37 से, बिहार ने कर्नाटक को 56-33 से, तमिलनाडु ने सीआईएस सीई को 52-47 से, राजस्थान ने उत्तराखंड को 64-34 से, उत्तराखंड ने झारखंड को 31-29 से, हिमाचल प्रदेश ने विद्या भारती को 56-45 से और दिल्ली ने चंडीगढ़ को 67-47 अंकों से हराया।
इसके अलावा बिहार ने पश्चिम बंगाल को 41-19 से, तमिलनाडु ने सीबीएसई को 36-22 से, उत्तराखंड ने केवीएस को 41-38 से, उत्तर प्रदेश ने पंजाब को 47-43 से, गुजरात ने सीआईएस सीई को 48-25 से, राजस्थान ने एनवीएस को 45-37 से, पंजाब ने ओडिशा को 46-27 से, सीबीएसई ने सीआईएस सीई को 19-12 से, राजस्थान ने केवीएस को 45-35 से और पंजाब ने झारखंड को 55-24 अंकों से पराजित किया। लीग राउंड के इन रोमांचक मुकाबलों के साथ ही प्रतियोगिता में आगे के चरणों के लिए टीमों की दावेदारी और मजबूत होती जा रही है। दर्शकों ने खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना की जमकर सराहना की।