
पति की शिकायत पर कोर्ट के आदेश से दर्ज हुई FIR, 11 लाख के सामान चोरी का आरोप; गायिका फरार
रायपुर। बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर ऐश्वर्या पंडित के खिलाफ रायपुर में दर्ज चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर पुलिस ने बुधवार को गायिका के निवास पर छापेमारी कर कथित चोरी का सामान बरामद किया। पुलिस के मुताबिक ऐश्वर्या पंडित फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जानकारी के अनुसार मामला ऐश्वर्या पंडित और उनके पति तपन देव के बीच लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। पति तपन देव ने आरोप लगाया था कि ऐश्वर्या उनके घर से कीमती सामान लेकर चली गईं। इस संबंध में उन्होंने सेजबहार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन तत्काल एफआईआर नहीं हुई।
इसके बाद तपन देव ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट में परिवाद दायर किए जाने के बाद न्यायालय ने पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। कोर्ट के आदेश के बाद सेजबहार पुलिस ने ऐश्वर्या पंडित के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, केस दर्ज होने के बाद कई बार ऐश्वर्या पंडित के घर दबिश दी गई, लेकिन वह हर बार घर पर नहीं मिलीं। बुधवार को एक बार फिर पुलिस टीम ने उनके निवास पर छापा मारा, जहां से कथित तौर पर चोरी किया गया सामान बरामद किया गया।
पुलिस का कहना है कि बरामद सामान में सोने-चांदी के जेवरों के अलावा घरेलू उपयोग के कई कीमती सामान शामिल हैं। आरोप है कि ऐश्वर्या पंडित ने अपने परिजनों के साथ मिलकर किराए के मकान का ताला तोड़कर करीब 11 लाख रुपए कीमत के सामान की चोरी की। इसमें कूलर, रेफ्रिजरेटर, जेवरात और अन्य घरेलू सामान शामिल बताए जा रहे हैं। मामले में पुलिस ने कहा है कि बरामद सामान की सूची तैयार की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। वहीं फरार गायिका की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पति तपन देव ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। उन्होंने कहा कि 19 जनवरी 2023 को बच्चे के जन्म के बाद पारिवारिक परिस्थितियां और तनावपूर्ण हो गई थीं। तपन का आरोप है कि बच्चे की देखभाल को लेकर भी दोनों के बीच लगातार विवाद होता रहा। विवाद बढ़ने के बाद मामला पुलिस और अदालत तक पहुंचा। अब कोर्ट के निर्देश पर दर्ज एफआईआर के बाद पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।