( मामले को प्रशासनिक बताकर असल मुद्दे से ध्यान भटकाने का आरोप )
पाटन। तहसील साहू संघ से जुड़े विवाद में अब बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व अध्यक्ष दिनेश साहू के आरोपों पर पलटवार करते हुए वर्तमान तहसील अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने कहा है कि समाज के मुद्दों को दबाने और सच्चाई को छुपाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे साहू समाज कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। लालेश्वर साहू ने कहा कि महेंद्र साहू केवल पंचायत सचिव ही समाज के जिम्मेदार पदाधिकारी भी हैं इसलिए ये मामला केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि समाज की प्रतिष्ठा और विश्वास से भी जुड़ा हुआ है। “जब समाज के भीतर से सवाल उठ रहे हैं, तो उन्हें नजरअंदाज कर सिर्फ प्रशासनिक प्रक्रिया का हवाला देना उचित नहीं है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अपनी छवि बचाने के लिए पूरे मामले को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। समाज के जिम्मेदार पदों पर रह चुके लोगों को सच्चाई के साथ खड़ा होना चाहिए, न कि तथ्यों को अपने अनुसार प्रस्तुत करना चाहिए। तहसील अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि उनका हर बयान समाज के हित और पारदर्शिता को ध्यान में रखकर दिया गया है। उन्होंने कहा, “समाज की आवाज उठाना सियासत नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी है। अगर कहीं गड़बड़ी है, तो उसे सामने लाना ही नेतृत्व का धर्म है। लालेश्वर साहू ने यह भी कहा कि किसी भी जांच से उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन जांच के नाम पर समाज की भावनाओं को दबाया नहीं जा सकता, उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे एकजुट रहें, सच का साथ दें और किसी भी तरह के दबाव या भ्रामक प्रचार से प्रभावित न हों। उन्होंने विश्वास जताया कि साहू समाज अपनी गरिमा और एकता के लिए हमेशा खड़ा रहा है और आगे भी रहेगा।